नशे की 'खेप' पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: 144 डिब्बियों में छिपा था 5 लाख का जहर, बड़े गिरोह का हुआ खुलासा

वैशाली में 5 लाख के स्मैक के साथ दो पेडलर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। गंगाब्रिज थाना पुलिस ने बाइक और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद कर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है। आखिर कौन है इस गिरोह का मास्टरमाइंड? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

नशे की 'खेप' पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: 144 डिब्बियों में

Vaishali - : वैशाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने जाल बिछाकर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये मूल्य का स्मैक बरामद किया गया है। यह कार्रवाई एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई है, जिससे जिले के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

59 ग्राम स्मैक बरामद, 144 डिब्बियों में थी सप्लाई की तैयारी

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर स्मैक की एक बड़ी खेप लेकर निकलने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा, जिनके पास से 59 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। बरामद स्मैक को 144 छोटी डिबियों में पैक किया गया था, ताकि इसे आसानी से बाजार में खपाया जा सके। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

कौन हैं गिरफ्तार तस्कर?

पकड़े गए तस्करों की पहचान गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के सहदुल्लापुर निवासी मंजय लाल और चांदपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी जयप्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तस्करी में उपयोग की जा रही एक बाइक भी जब्त की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों लंबे समय से पुलिस की रडार पर थे।

सिर्फ पेडलर हैं गिरफ्तार अभियुक्त, सरगना की तलाश जारी

एसडीपीओ सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति गिरोह के केवल पेडलर हैं। इनका मुख्य काम माल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना (सप्लाई) था। हालांकि, पूछताछ के दौरान पुलिस को इस गिरोह के असली सरगना के बारे में पुख्ता जानकारी मिल गई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह का मुखिया जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।

छापेमारी दल का नेतृत्व और आगामी योजना

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व खुद सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार कर रहे थे। गंगाब्रिज थाना पुलिस और विशेष टीम अब गिरफ्तार तस्करों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से आई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।