वैशाली पुलिस की बड़ी कामयाबी: साईन बाजार लूट कांड का खुलासा, कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
पुलिस ने करीब आठ माह पूर्व साईन बाजार में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। पिस्टल के बल पर बाइक और नकदी लूटने वाले मुजफ्फरपुर के कुख्यात अपराधी गुड्डू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Vaishali - वैशाली जिले की बेलसर थाना पुलिस ने साईन बाजार में हुई लूट की एक पुरानी घटना का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के मांगोली निवासी कुख्यात अपराधी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल आरोपी को दबोचा है, बल्कि उसके पास से लूट के सामान की बरामदगी करने में भी सफलता हासिल की है।
पिस्टल के बल पर युवक से की थी लूटपाट
सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह वारदात पिछले साल 26 मई को साईन बाजार में हुई थी। उस समय बाइक सवार दो अपराधियों ने एक युवक को पिस्टल दिखाकर आतंकित किया और उससे उसकी बाइक, मोबाइल फोन, आठ हजार रुपये नकद और जरूरी कागजात छीनकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी थी।
मुजफ्फरपुर से जुड़े लूट के तार
अनुसंधान के दौरान पुलिस को तकनीकी इनपुट मिले कि लूट की इस वारदात को मुजफ्फरपुर के सरैया निवासी गुड्डू कुमार ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर गुड्डू को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
दूसरे साथी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए अपराधी के दूसरे साथी की भी पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द गिरोह का दूसरा सदस्य भी पुलिस की गिरफ्त में होगा। इस गिरफ्तारी को बेलसर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Report - Rishav kumar