शादी की सनक या 'सीरियल किलर' डाक्टर! 10 साल में 5 शादियां, 3 पत्नियों की मौत
बिहार के हाजीपुर से सामने आई यह घटना किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है, जहाँ एक कथित डॉक्टर की 'शादी की सनक' ने कई जिंदगियां बर्बाद कर दीं।अबतक 10 सालों में प्रितेश ने 5 शादियां की थीं, जिनमें से 3 पत्नियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी ।
बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के नवानगर इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय झोलाझाप डॉक्टर प्रितेश कुमार पर अपनी पांचवीं पत्नी सलोनी (22 वर्ष) की हत्या का आरोप लगा है। सलोनी का शव संदिग्ध अवस्था में घर के बिस्तर पर मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले 10 सालों में प्रितेश ने पांच शादियां की थीं, जिनमें से अब तक तीन पत्नियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है और दो पत्नियां अपनी जान बचाकर घर से भाग निकलीं।
गर्भवती पत्नी और गर्भपात का दबाव
मृतका सलोनी और प्रितेश की शादी सितंबर 2024 में हुई थी। परिजनों के अनुसार, सलोनी गर्भवती थी और अपना बच्चा चाहती थी, लेकिन प्रितेश को और संतानें नहीं चाहिए थीं क्योंकि उसकी दूसरी पत्नी से पहले ही एक बेटा और बेटी हैं। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि प्रितेश और उसके परिवार वाले सलोनी पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहे थे। सलोनी के भाई ने एक वॉइस मैसेज का भी हवाला दिया है, जिसमें सलोनी ने मरते समय कहा था कि उसके ससुराल वालों ने मिलकर उसे मारा है।
बिना डिग्री के 'इलाज' और शादियों का शौक
स्थानीय लोगों और पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि प्रितेश और उसके पिता दिनेश प्रसाद साह, दोनों के पास मेडिकल की कोई वैध डिग्री नहीं है। पिता पिछले 20 सालों से अवैध रूप से दवा की दुकान चला रहे थे, जहाँ से प्रितेश ने थोड़ा-बहुत इलाज सीखा और खुद को डॉक्टर बताने लगा। मृतका के भाई का आरोप है कि प्रितेश केवल महिलाओं के शारीरिक शोषण के लिए शादियां करता था और काम निकल जाने के बाद उन्हें रास्ते से हटा देता था या प्रताड़ित कर घर से निकाल देता था।
पिछली शादियों का खौफनाक इतिहास
प्रितेश की शादियों का सिलसिला 2013 में शुरू हुआ था। पहली पत्नी को उसने 'कम बुद्धि' बताकर निकाल दिया। दूसरी पत्नी संध्या की 10 साल बाद संदिग्ध रूप से जलकर मौत हो गई। तीसरी शादी एक विवाहित महिला से की, जिसे बाद में उसके पहले पति को सौंप दिया। चौथी पत्नी की मौत छत से गिरने के कारण हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने हत्या बताया था। सलोनी उसकी पांचवीं पत्नी थी, जिसके साथ भी अंततः वही खौफनाक मंजर दोहराया गया।
पुलिसिया कार्रवाई और मुख्य आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और बिदुपुर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि महिला के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रितेश के पिता (ससुर) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रितेश फिलहाल फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।