Bihar Terror Alert: बिहार में आतंकी साजिश का अलर्ट? रेल ट्रैक की रेकी करता मिला 4 सीक्रेट IP कैमरा,पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका से एजेंसियां सतर्क
Bihar Terror Alert: 4 संदिग्ध हाईटेक IP कैमरा मिला है। सीक्रेट IP कैमरा 4G सिम के जरिए इंटरनेट से कनेक्ट था और दूर बैठे किसी ऑपरेटर द्वारा कंट्रोल किया जा रहा था। ...
Bihar Terror Alert: बिहार के वैशाली जिले से सामने आई एक खौफनाक वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के सराय स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल टावर पर 4 संदिग्ध हाईटेक IP कैमरा मिलने के बाद पूरे महकमे में सनसनी फैल गई है। शुरुआती तहकीकात में इस कैमरे का लिंक आतंकी रेकी और पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन, बिहार एटीएस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
बताया जा रहा है कि बरामद कैमरा कोई मामूली डिवाइस नहीं, बल्कि बेहद एडवांस जासूसी उपकरण है। यह सीक्रेट IP कैमरा 4G सिम के जरिए इंटरनेट से कनेक्ट था और दूर बैठे किसी ऑपरेटर द्वारा कंट्रोल किया जा रहा था। कैमरे का फोकस रेलवे ट्रैक और गुजरने वाली ट्रेनों की गतिविधियों पर था। जैसे ही टावर पर लगे इस संदिग्ध गैजेट की भनक सुरक्षा बलों को लगी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फौरन इसे जब्त कर लिया गया।
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले एक संदिग्ध युवक खुद को किसी एनजीओ का सदस्य बताकर इलाके में घूमता दिखाई दिया था। शक है कि उसी शातिर ने सामाजिक कार्यकर्ता का नकाब पहनकर बेहद सफाई से इस कैमरे को सिग्नल टावर पर फिट किया। एजेंसियों को अंदेशा है कि एनजीओ की आड़ में किसी बड़े जासूसी नेटवर्क को ऑपरेट किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार एटीएस और एसटीएफ ने जांच की कमान संभाल ली है। कैमरे से भेजे गए डेटा, इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड और आईपी एड्रेस की गहराई से पड़ताल की जा रही है। जांच के तार कर्नाटक तक जुड़ते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद वहां भी संदिग्ध नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों को सबसे बड़ा डर इस बात का है कि कहीं यह किसी बड़े आतंकी प्लान की रेकी तो नहीं थी। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड रणनीतिक और यात्री परिवहन के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। फिलहाल सराय स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्धों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है और पूरा मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।