News4Nation की खबर का बड़ा असर, दो दारोगा सस्पेंड, पैसे मांगने की शिकायत पर एसपी ने नाप दिया
Bihar Police: थाने में पैसे की कथित मांग से जुड़ी शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
Bihar Police: वैशाली महुआ थाने में पैसे की कथित मांग से जुड़ी शिकायत सामने आने के बाद वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। News4Nation पर इस मामले से संबंधित खबर प्रसारित होने के बाद महुआ थाना में तैनात दो पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 30 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 27 सितंबर 2026 को महुआ थाना क्षेत्र से थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार गुप्ता और प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक दीनबंधु कुमार द्वारा कथित तौर पर पैसे की मांग किए जाने से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी।
शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ से जांच कराई गई। जांच के बाद एसडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट वरीय पुलिस अधीक्षक को सौंपी।पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया दोनों पुलिस पदाधिकारियों के कर्तव्य निर्वहन में संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए दोनों को निलंबित कर दिया।निलंबित किए गए पुलिस पदाधिकारियों में सोनू कुमार गुप्ता, अपर थानाध्यक्ष, महुआ थाना और दीनबंधु कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक, महुआ थाना शामिल हैं।
पुलिस केन्द्र हाजीपुर किया गया मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिस पदाधिकारियों का मुख्यालय पुलिस केन्द्र, हाजीपुर निर्धारित किया गया है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले में नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद महुआ थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बीच विभागीय स्तर पर सख्त कदम उठाए जाने का संदेश गया है। हालांकि, पैसे की मांग से जुड़े आरोपों की अंतिम स्थिति आगे की विभागीय कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों से स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार