Bihar Police: चौकीदार के बेटे की दबंगई,थाना की गाड़ी, खाकी की वर्दी और भोजपुरी गाना,वायरल रील ने मचाया हड़कंप
Bihar Police: चौकीदार के बेटे की रीलबाजी ने पूरे सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। ...
Bihar Police: बिहार के वैशाली सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने खाकी की साख और कानून के रखवालों की जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां चौकीदार के बेटे की रीलबाजी ने पूरे सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में चौकीदार विपिन पासवान का बेटा रौशन कुमार खाकी वर्दी पहनकर भोजपुरी गानों पर स्टाइल मारते हुए नजर आ रहा है। हैरानी की बात ये है कि इस रील ड्रामा में थाना की गश्ती जीप भी खुलकर दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आते ही इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक आम युवक को पुलिस की वर्दी और सरकारी वाहन तक इतनी आसान पहुंच कैसे मिल गई? क्या ये सिर्फ दिखावे का खेल है या फिर सिस्टम के अंदर कोई गहरी सेटिंग चल रही है?
सूत्रों की मानें तो रौशन कुमार कई बार अपने पिता की जगह ड्यूटी पर भी दिखाई देता है, जो कि नियमों के खिलाफ एक बड़ा “गैरकानूनी खेल” माना जा रहा है। अगर ये सच है, तो यह सिर्फ एक वायरल वीडियो का मामला नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की जड़ में लगी दीमक का इशारा है। इस “खाकी के खेल” ने पुलिस विभाग की छवि पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। एक तरफ जहां बिहार पुलिस मुख्यालय सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले कर्मियों पर सख्ती दिखा रहा है और करीब 50 पुलिसकर्मियों की लिस्ट जारी कर कार्रवाई के निर्देश दे चुका है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के मामले सामने आना व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खाकी सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि कानून और भरोसे की पहचान है। जब उसी वर्दी को शो ऑफ और सोशल मीडिया के लाइक्स के लिए इस्तेमाल किया जाता है, तो आम जनता का भरोसा कमजोर होता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन बड़ा सवाल यही है—क्या इस “रील कांड” पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी बाकी फाइलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार