Bihar Crime : अवैध धंधे की रंजिश में युवक की बेरहमी से पिटाई, हथियार लहराते भागे बदमाश… VIDEO वायरल
Bihar Crime: दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते संगीन मारपीट में तब्दील हो गया...
Vaishali: जिला के बिदुपुर थाना इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते संगीन मारपीट में तब्दील हो गया। मामला हाजीपुर–महनार मुख्य मार्ग पर खलसा घाट के समीप का बताया जा रहा है, जहां अवैध धंधे की रंजिश को लेकर तनातनी हुई और फिर सरेआम लाठी-डंडे और हथियार के साये में एक युवक को बेरहमी से पीटा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, फिर कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक पर धावा बोल दिया। वायरल हो रहे LIVE वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह एक युवक को जमीन पर गिराकर घेर लिया गया और लगातार वार किए गए। हैरत की बात यह रही कि हमलावरों में से एक के हाथ में हथियार भी नजर आ रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की वजह अवैध कारोबार से जुड़ी अदावत बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी रंजिश ने झगड़े को खूनी रूप दे दिया। मारपीट के दौरान कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गई और राहगीरों की भीड़ तमाशबीन बनी रही। किसी ने आगे बढ़कर पीड़ित युवक को छुड़ाने की हिम्मत नहीं दिखाई।
घटना स्थल बिदुपुर थाना क्षेत्र में आता है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी वारदात के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग कहां थी? स्थानीय लोगों में गुस्सा है और कानून-व्यवस्था पर उंगली उठाई जा रही है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में भी हलचल है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। अब देखना यह है कि क्या कानून के शिकंजे में ये बेखौफ बदमाश जल्द आएंगे या फिर वायरल वीडियो सिर्फ सनसनी बनकर रह जाएगा? इलाके में तनाव बना हुआ है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार