वैशाली के राघोपुर में बाढ़ के पानी में डूबे चौकीदार : राशन लेने के दौरान हुआ हादसा, SDRF टीम कर रही तलाश

वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में बाढ़ के पानी में डूबने से रुस्तमपुर थाने में तैनात एक चौकीदार के लापता होने की सूचना है। एसडीआरएफ की टीम द्वारा तलाश की जा रही है......

वैशाली के राघोपुर में बाढ़ के पानी में डूबे चौकीदार :  राशन
बाढ़ की पानी मे डूबा चौकीदार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के राघोपुर प्रखंड से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बाढ़ के पानी में डूबने से रुस्तमपुर थाने में तैनात एक चौकीदार के लापता होने की सूचना है। रविवार दोपहर जफराबाद डीह गांव निवासी दिनकर पासवान बाढ़ के पानी के बीच से गुजरते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए।


राशन लाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, चौकीदार दिनकर पासवान अपने घर का जरूरी राशन लेने के लिए पास के जफराबाद पेठिया जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में भरा हुआ बाढ़ का पानी उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया और संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में समा गए।


एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही रुस्तमपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसके बाद टीम ने बाढ़ के विकराल पानी में डूबे चौकीदार की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया।


शाम तक नहीं मिला कोई सुराग

रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने चौकीदार के डूबने की पुष्टि की है। हालांकि, देर शाम तक चले काफी लंबे सर्च ऑपरेशन के बावजूद दिनकर पासवान का सुराग नहीं मिल सका और शव बरामद नहीं हो पाया।


परिजनों में मचा कोहराम

इस अचानक हुए हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से पानी के तेज बहाव और गहरे क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है, जबकि एसडीआरएफ द्वारा तलाश अभी भी जारी है।


रिषभ की रिपोर्ट