Tirupati temple - तिरूपति मंदिर में अज्ञात भक्त ने दान किया 140 करोड़ का सोना, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दी जानकारी
Tirupati temple - एक अज्ञात भक्त ने मंदिर को 121 किलो सोना दान किया है, जिसकी कीमत 140 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

N4N Desk - तिरुपति मंदिर में कई लोगों की आस्था है, अंबानी परिवार से लेकर कई बड़े उद्योग घराने, सेलेब्रिटीज यहां भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए आते हैं और चढ़ावा चढ़ाते हैं। वहीं अब एक भक्त ने तिरुपति मंदिर में 121 किलो सोना दान किया है, जिसकी कीमत 140 करोड़ रुपे बतायी जा रही है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर को दिए गए एक बड़े दान के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात भक्त ने मंदिर को 121 किलो सोना दान किया है, जिसकी कीमत 140 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने गुंटूर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह खुलासा किया।
आस्था और व्यापार का संगम
मुख्यमंत्री नायडू ने बताया कि दान देने वाले इस भक्त ने कई साल पहले तिरुपति में अपना व्यवसाय शुरू करने से पहले भगवान वेंकटेश्वर से प्रार्थना की थी। उन्हें अपने व्यवसाय में सफलता मिली और हाल ही में उन्होंने अपनी कंपनी के शेयर बेचकर 6,000 से 7,000 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। इस सफलता के बाद उन्होंने अपनी आस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यह बड़ा दान करने का फैसला किया।
भगवान के लिए 120 किलो सोने के आभूषण
नायडू ने कहा कि भक्त को यह जानकर हैरानी हुई कि तिरुपति मंदिर में भगवान की मूर्ति को हर दिन 120 किलो सोने के आभूषणों से सजाया जाता है। इस जानकारी से प्रेरित होकर उन्होंने 121 किलो सोने का दान किया। यह दान न केवल भक्त की समृद्धि को दर्शाता है, बल्कि भगवान वेंकटेश्वर के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा को भी दिखाता है।
तिरुपति: एक विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल
आंध्र प्रदेश में स्थित तिरुपति मंदिर दुनिया भर के सबसे प्रसिद्ध और सबसे अमीर मंदिरों में से एक है। यहां हर दिन लाखों भक्त भगवान के दर्शन के लिए आते हैं, जिनमें गरीब से लेकर बड़े व्यवसायी तक शामिल हैं। भक्तों की सुविधा के लिए आंध्र प्रदेश सरकार और तिरुपति देवस्थानम मिलकर काम करते हैं, ताकि दर्शनार्थियों को परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
पहले भी मिल चुका है करोड़ों का दान
तिरुपति मंदिर को पहले भी कई बड़े दान मिल चुके हैं। मई 2025 में उद्योगपति संजीव गोयनका ने 3.63 करोड़ रुपये का हीरा जड़ित सोने का हार दान किया था। जुलाई 2025 में चेन्नई की सुदर्शन एंटरप्राइजेज ने 2.4 करोड़ रुपये का 2.5 किलो सोना दिया था, और जनवरी 2025 में सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी वाईवीएसएस भास्कर राव ने 3.66 करोड़ रुपये की संपत्ति मंदिर को सौंपी थी। ये दान बताते हैं कि मंदिर के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है