Ayodhya Real Estate: 'मैं UP से हूं, अयोध्या में जमीन चाहिए'... सुबह 3 बजे अमिताभ बच्चन का फोन, अगले दिन भेज दिए 15 करोड़

Ayodhya Real Estate: राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। अमिताभ बच्चन ने 15 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी। जानिए अभिनंदन लोढ़ा ने रियल एस्टेट समिट 2026 में क्या खुलासा किया और कैसे अयोध्या निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है।

Ayodhya Real Estate

Ayodhya Real Estate: अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद शहर में सिर्फ पर्यटन ही नहीं बढ़ा है, बल्कि यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और अर्थव्यवस्था में भी तेजी से बदलाव आया है। शहर में सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट और दूसरी सुविधाओं के विकास के साथ रियल एस्टेट सेक्टर भी तेजी से आगे बढ़ा है। यही वजह है कि देश के बड़े उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां भी अयोध्या में निवेश कर रही हैं। इन्हीं बड़े निवेशकों में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल है। राम मंदिर बनने के बाद उन्होंने अयोध्या में एक के बाद एक कई जमीनें खरीदी हैं और वह शहर के बड़े निवेशकों में गिने जा रहे हैं।

यह जानकारी हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026 के दौरान 'द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा' के संस्थापक और चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनंदन लोढ़ा ने साझा की। उन्होंने बताया कि अयोध्या अब देश के सबसे तेजी से उभरते रियल एस्टेट निवेश केंद्रों में शामिल हो गया है। इस दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया। 

अभिनंदन लोढ़ा को अमिताभ ने किया था कॉल

अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि यह घटना साल 2023 की है। उस समय वह ऑस्ट्रेलिया में थे। एक दिन उन्हें सुबह करीब तीन बजे एक कॉल आया। इससे पहले उनके फोन पर कुछ मिस्ड कॉल और एक मैसेज आया था, जिसमें लिखा था, "मैं अमिताभ बच्चन बोल रहा हूं। जब आपकी सुविधा हो, मुझे कॉल बैक करें।" इसके बाद अभिनंदन लोढ़ा ने अमिताभ बच्चन को फोन किया। बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने कहा, "अभिनंदन जी, मैं उत्तर प्रदेश से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन खरीदनी है।" अमिताभ बच्चन ने सबसे पहले जमीन की कीमत पूछी। अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि 15,000 वर्ग फुट की जमीन की कीमत 15 करोड़ रुपये है। यह सुनने के बाद अमिताभ बच्चन ने अगले ही दिन 15 करोड़ रुपये भेज दिए और जमीन की खरीद की प्रक्रिया पूरी हो गई।

समिट के दौरान अभिनंदन लोढ़ा ने क्या कहा?

समिट के दौरान अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि भारत के धार्मिक और मंदिर वाले शहर अब तेजी से सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र बन रहे हैं। ऐसे शहरों में सीनियर लिविंग कम्युनिटी और दूसरे रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के लिए भी अच्छी संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा। उन्होंने अयोध्या की बढ़ती लोकप्रियता का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां वेटिकन सिटी में हर साल करीब 1 करोड़ (10 मिलियन) लोग आते हैं, वहीं अयोध्या में हर साल लगभग 25 करोड़ (250 मिलियन) श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं।

अयोध्या में निवेश करने वालों में कौन शामिल है?

अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि जब किसी शहर में इतनी बड़ी संख्या में लोग आते हैं तो वहां होटल, परिवहन, व्यापार, रोजगार और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास होता है। इससे स्थानीय लोगों को अपनी जमीन बेहतर कीमत पर बेचने का मौका मिलता है और पूरे इलाके की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। अयोध्या में निवेश करने वालों में अमिताभ बच्चन के अलावा बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और फिल्म निर्माता आनंद पंडित का नाम भी शामिल है। राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या देश के सबसे तेजी से उभरते रियल एस्टेट और निवेश केंद्रों में अपनी पहचान बना रहा है।