11 सितंबर को बैंक हड़ताल, लगातार 3 दिनों तक बंद रहेंगे बैंक, ATM और UPI सेवा पर ऐसे पड़ेगा असर

11 सितंबर के हड़ताल के बाद 12 सितंबर को शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण कई जगहों पर बैंक शाखाएं लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगी। इसका सबसे अधिक असर बैंक शाखाओं में होने वाले नियमित कामकाज पर पड़ सकता है।

Bank Strike
Bank Strike - फोटो : news4nation

Bank Strike : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय में वित्तीय सेवा विभाग (DFS), इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुई बातचीत में कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के बाद यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने से इनकार कर दिया है। ऐसे में शुक्रवार, 11 सितंबर को बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।


हड़ताल के बाद 12 सितंबर को शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण कई जगहों पर बैंक शाखाएं लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगी। इसका सबसे अधिक असर बैंक शाखाओं में होने वाले नियमित कामकाज पर पड़ सकता है। कैश जमा और निकासी, चेक क्लियरेंस, KYC से जुड़े काम, लोन संबंधी सेवाएं और काउंटर पर होने वाले अन्य कार्य प्रभावित या विलंबित हो सकते हैं।


हालांकि, UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और कई डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ATM सेवाओं पर भी सामान्य तौर पर काम जारी रहने की संभावना है, लेकिन हड़ताल के दौरान कैश रीफिल या तकनीकी समस्या होने पर कुछ जगहों पर परेशानी आ सकती है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह है कि वे जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें और जरूरत के अनुसार डिजिटल बैंकिंग, UPI, ATM और CSP सेवाओं का इस्तेमाल करें।


पांच दिन काम की मांग पर अड़े बैंक कर्मचारी

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (AIBOC) के महासचिव रूपम रॉय और UFBU के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग कामकाज की मांग पर ठोस फैसला या निश्चित समयसीमा मिलने तक हड़ताल स्थगित नहीं की जाएगी। यूनियनों का कहना है कि सरकार और बैंक संगठनों के साथ बातचीत के बावजूद उनकी प्रमुख मांगों पर कोई निर्णायक समाधान नहीं निकला है।


आगे भी हड़ताल की चेतावनी

बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया है। यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल और इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। ऐसे में अगर बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकलता है तो आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर और व्यापक असर पड़ सकता है।