CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में CNG हुई महंगी, वाहन चालकों को झटका, जेब पर बढ़ा बोझ, जानें कितना बढ़ा रेट

CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी 2 रुपये महंगी हो चुकी है। इस बीच नोएडा, गाजियाबाद समेत कई शहरों में नई कीमतें लागू हो गई है। जानें आपके शहर का ताजा रेट।

CNG Price Hike
CNG कीमतों में उछाल- फोटो : freepik

CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर के लोगों पर महंगाई का एक और असर देखने को मिला है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब सीएनजी भी महंगी हो गई है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है।

भारत अपनी जरूरत की आधे से ज्यादा प्राकृतिक गैस दूसरे देशों से मंगाता है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई कम होती है या मांग बढ़ती है, तो इसका असर भारत में भी पड़ता है। इसी वजह से आईजीएल और एमजीएल जैसी गैस कंपनियों के लिए गैस खरीदना महंगा हो गया है। कंपनियों का कहना है कि अब बढ़ी हुई लागत को ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है, इसलिए दाम बढ़ाए गए हैं।

दिल्ली में सीएनजी की कीमत

नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में सीएनजी 79.09 रुपये प्रति किलो मिल रही है। नोएडा, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में इसका दाम 87.70 रुपये प्रति किलो हो गया है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में यह 87.58 रुपये प्रति किलो है। गुरुग्राम में सीएनजी 84.12 रुपये प्रति किलो मिल रही है। रेवाड़ी में 83.70 रुपये, करनाल में 83.43 रुपये और कैथल में 84.43 रुपये प्रति किलो दाम तय किया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी सीएनजी महंगी

उत्तर प्रदेश के कुछ अन्य शहरों में भी सीएनजी महंगी हो गई है। कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में यह 90.42 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं अजमेर, पाली और राजसमंद में सीएनजी 88.44 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। महोबा, बांदा और चित्रकूट में यह 85.42 रुपये प्रति किलो है। हापुड़ में 88.70 रुपये प्रति किलो और ग्रेटर नोएडा में भी 87.70 रुपये प्रति किलो पर सीएनजी मिल रही है।

सरकार  पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर बयान

दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की आपूर्ति इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के जरिए की जाती है, जबकि मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में यह काम महानगर गैस लिमिटेड (MGL) करती है। हाल ही में MGL ने भी सीएनजी के दाम 2 रुपये बढ़ाकर 84 रुपये प्रति किलो कर दिए थे, जिसके बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि IGL भी कीमतें बढ़ा सकती है। इस बीच वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण हालात और प्रभावित हुए हैं। हॉर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ी हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।