Mumbai Vada Pav: वड़ा पाव खाने के लिए 15 हजार खर्च! 20 रुपये के स्नैक ने दिल्ली की क्रिएटर को पहुंचाया मुंबई
Mumbai Vada Pav: दिल्ली की एक कंटेंट क्रिएटर को वड़ा पाव का स्वाद पसंद नहीं आया तो वह मुंबई पहुंच गई। 20 रुपये के वड़ा पाव के लिए उसने पूरी यात्रा में करीब 15 हजार रुपये खर्च कर दिए।
Mumbai Vada Pav: खाने की पसंद कभी-कभी इंसान से ऐसे फैसले भी करा देती है, जिनके बारे में सुनकर दूसरे लोग हैरान रह जाते हैं। दिल्ली की एक कंटेंट क्रिएटर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उसे दिल्ली में मिलने वाला वड़ा पाव पसंद नहीं आया तो उसने मुंबई जाकर इसे खाने का फैसला कर लिया। खास बात यह रही कि जिस वड़ा पाव के लिए उसने दिल्ली से मुंबई तक का सफर किया, उसकी कीमत सिर्फ 20 रुपये थी। इस पूरी यात्रा में महिला के करीब 15 हजार रुपये खर्च हो गए।
महिला के इस सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग इसके बारे में खूब चर्चा कर रहे हैं। किसी ने इसे खाने के प्रति जुनून बताया तो किसी ने 20 रुपये के स्नैक के लिए हजारों रुपये खर्च करने पर मजेदार कमेंट किया।
दिल्ली में स्वाद पसंद नहीं आया तो बनाया मुंबई जाने का प्लान
महिला ने बताया कि दिल्ली में वड़ा पाव खाने के बाद उसे उसका स्वाद पसंद नहीं आया। उसे लगा कि अगर असली और स्वादिष्ट वड़ा पाव खाना है तो मुंबई जाना पड़ेगा। इसके बाद उसने ज्यादा सोचने के बजाय मुंबई जाने का फैसला कर लिया। वह कैब से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई और दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट पकड़ी। बताया गया कि फ्लाइट टिकट के लिए उसने करीब 5 हजार रुपये खर्च किए।
एयरपोर्ट से लेकर मुंबई तक बढ़ता गया खर्च
मुंबई पहुंचने से पहले भी इस सफर में कई छोटे-बड़े खर्च हुए। एयरपोर्ट पर महिला ने 165 रुपये की चाय पी। शाम की फ्लाइट में भूख लगने पर उसने करीब 300 रुपये का कप नूडल्स भी खरीदा। शाम करीब 7 बजे वह मुंबई पहुंची। हालांकि, एयरपोर्ट से वड़ा पाव तक पहुंचने के लिए उसे अभी लंबा सफर करना था। मुंबई में करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय करने में उसे लगभग 70 मिनट लग गए। रात रुकने के लिए उसने करीब 4 हजार रुपये का होटल भी बुक किया। अगले दिन उसने किसी फूड डिलीवरी ऐप से वड़ा पाव मंगाने के बजाय खुद सड़क किनारे लगे स्टॉल की तलाश की। उसका कहना था कि मुंबई आकर स्ट्रीट फूड का असली अनुभव लेना ज्यादा बेहतर रहेगा।
20 रुपये का वड़ा पाव खाते ही बोली- सफर सफल रहा
काफी तलाश के बाद महिला को आखिरकार एक स्टॉल पर वड़ा पाव मिल गया। इसकी कीमत महज 20 रुपये थी। उसने वड़ा पाव का पहला निवाला खाते ही इसे पसंद किया और कहा कि मुंबई आने का उसका फैसला सही साबित हुआ। महिला ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे अच्छा वड़ा पाव बताया। फ्लाइट, होटल, कैब, खाने-पीने और दूसरे खर्च जोड़ने के बाद उसकी इस छोटी सी फूड ट्रिप का कुल खर्च करीब 15 हजार रुपये बताया गया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पूरे सफर को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि जब वड़ा पाव के लिए 15 हजार रुपये खर्च कर दिए हैं तो उसकी तारीफ करना तो बनता है। कुछ लोगों ने महिला के खाने के प्रति प्यार की तारीफ की। वहीं कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि सिर्फ 20 रुपये की चीज खाने के लिए 15 हजार रुपये खर्च करना कितना सही है। एक यूजर ने तो इसे मजाकिया अंदाज में “अमीरों का स्ट्रगल” तक बता दिया।