LPG Rate Today: क्या 1 अगस्त को महंगा होगा गैस सिलेंडर? जानिए मौजूदा स्थिति
LPG Rate Today: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का असर LPG सप्लाई पर पड़ रहा है। होर्मुज और बाब अल-मंदेब मार्ग पर जहाजों की आवाजाही कम हुई है। जानिए घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की मौजूदा कीमतें और 1 अगस्त को कीमतों में बदलाव की संभावना।
LPG Rate Today: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव फिलहाल कुछ समय के लिए कम जरूर हुआ है, लेकिन इसका असर अब भी दुनिया भर के तेल और गैस बाजार पर दिखाई दे रहा है। इसी वजह से भारत में भी एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। पिछले कई महीनों से दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव और सैन्य गतिविधियों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में कमी आई है, जिसका असर गैस और तेल की सप्लाई पर पड़ रहा है।
Kpler के शिपिंग डेटा के अनुसार, भू-राजनीतिक तनाव की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही काफी कम बनी हुई है। यहां प्रतिदिन 10 से भी कम जहाज गुजर रहे हैं। वहीं रविवार को बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई। हाल के दिनों में हूती विद्रोहियों के हमलों और क्षेत्र में बनी अनिश्चितता के कारण लाल सागर का समुद्री मार्ग अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। इसका सीधा असर वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई पर पड़ रहा है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से 11 कमोडिटी जहाज गुजरे। वहीं पूरे वीकेंड के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से हर दिन 10 से भी कम कमोडिटी जहाजों की आवाजाही दर्ज की गई। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी हुई है।
देश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत
फिलहाल देश में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये प्रति सिलेंडर बनी हुई है। वहीं मुंबई में इसी सिलेंडर की कीमत 941.5 रुपये है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार 7 जून को बदलाव किया गया था, जब प्रति सिलेंडर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले 7 मार्च को गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में कब हुई थी कटौती?
कमर्शियल गैस सिलेंडर की बात करें तो इसकी कीमतों में आखिरी बार 1 जुलाई को बदलाव हुआ था। उस समय उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली थी और कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। इसके बाद दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3113.50 रुपये से घटकर 2930 रुपये हो गई थी। आमतौर पर सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं।