LPG Rate Today: गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत! आज नहीं हुआ कोई बदलाव, दिल्ली-मुंबई, कोलकाता पटना में क्या है आज LPG का भाव?
LPG Rate Today: देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं। जानिए दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई समेत प्रमुख शहरों में आज के एलपीजी रेट।
LPG Rate Today: देशभर में शनिवार को घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दोनों तरह के सिलेंडरों के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार 1 मई को बड़ी बढ़ोतरी की गई थी, जब इसके दाम में 993 रुपये तक का इजाफा हुआ था। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर मार्च महीने में 60 रुपये महंगा हुआ था, जिसके बाद से कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
हालांकि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बाद अब एलपीजी गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। इसकी मुख्य वजह पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें हैं। इन हालातों के कारण तेल विपणन कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 4 बार बढ़ोतरी
मई महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 4 बार बढ़ोतरी की जा चुकी है, जिससे दोनों ईंधनों के दाम में कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। वहीं 15 मई से अब तक सीएनजी की कीमतों में भी कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल दिल्ली में सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है।
देश के प्रमुख शहरों में LPG सिलेंडर की कीमत
अगर प्रमुख शहरों में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की बात करें तो दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3071.50 रुपये का है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर 912.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3024 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में घरेलू एलपीजी 939 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3202.50 रुपये का है। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 928.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3237 रुपये में बिक रहा है।
पटना-लखनऊ में घरेलू सिलेंडर की कीमत
पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1002.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3347 रुपये का है। जयपुर में घरेलू सिलेंडर 916.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3099 रुपये में उपलब्ध है। लखनऊ में घरेलू सिलेंडर 950.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3194 रुपये का है। देहरादून में घरेलू सिलेंडर 932 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3124.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं फतेहाबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3150.50 रुपये का है।
घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ा अंतर सरकार की नीति को दर्शाता है। सरकार आम परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नियंत्रित रखने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई बढ़ोतरी का असर कमर्शियल सिलेंडरों पर डाला जा रहा है।
इंडियन ऑयल-भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की स्थिति
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां घरेलू सिलेंडर पर होने वाले नुकसान का कुछ हिस्सा खुद वहन कर रही हैं। जबकि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल सिलेंडरों पर बढ़ी हुई लागत का बोझ डाला जा रहा है। माना जाता है कि व्यावसायिक उपभोक्ता इस अतिरिक्त खर्च को वहन करने या अपनी सेवाओं की कीमतों में शामिल करने की स्थिति में होते हैं।