Gold-Silver Price: सोना महंगा, चांदी सस्ती! जानें आज क्या है दिल्ली, पटना समेत बड़े शहरों में नया रेट?

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। MCX पर चांदी 5,788 रुपये तक गिरी, जानिए आज के ताजा गोल्ड और सिल्वर रेट।

Gold-Silver Price
सोने और चांदी की कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव- फोटो : freepik

Gold-Silver Price: सरकार की ओर से सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के बाद बाजार में लगातार हलचल देखने को मिल रही है। बुधवार को दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार तेजी आई थी, लेकिन गुरुवार सुबह बाजार खुलते ही सोना और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बाद में सोने में फिर से तेजी लौट आई।

एमसीएक्स यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले कारोबारी सत्र में 3,00,238 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। गुरुवार सुबह इसकी शुरुआत 2,98,373 रुपये से हुई। कारोबार के दौरान चांदी की कीमत करीब 5,788 रुपये तक गिरकर 2,94,450 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। सुबह करीब 10 बजे चांदी 2,238 रुपये की गिरावट के साथ 2,98,000 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही थी। सोने की बात करें तो 5 जून डिलीवरी वाला सोना भी शुरुआती कारोबार में 1,159 रुपये तक सस्ता हो गया था। बाद में इसमें तेजी देखने को मिली और यह 480 रुपये की बढ़त के साथ 1,62,666 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

सोने और चांदी की कीमतों में बदलाव

सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में बदलाव देखने को मिला। गुड रिटर्न्स वेबसाइट के मुताबिक 24 कैरेट सोना 330 रुपये महंगा होकर 1,62,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 22 कैरेट सोना 300 रुपये बढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 250 रुपये बढ़कर 1,21,750 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। दूसरी तरफ चांदी में बड़ी गिरावट देखने को मिली और इसकी कीमत 10,000 रुपये कम होकर 3,00,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

देश के अलग-अलग शहरों में सोने के दाम

देश के अलग-अलग शहरों में भी सोने के दाम अलग-अलग रहे। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,62,260 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,48,950 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,62,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। चेन्नई में सोने का रेट सबसे ज्यादा रहा, जहां 24 कैरेट सोना 1,63,680 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। पटना में 24 कैरेट सोना 1,62,380 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार पिछले कारोबारी सत्र में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत में 20,500 रुपये की बड़ी तेजी आई थी। इसके बाद चांदी 2,97,500 रुपये प्रति किलो पहुंच गई थी। वहीं 24 कैरेट सोना 8,550 रुपये महंगा होकर 1,65,350 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था।

सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ी

सरकार ने हाल ही में सोने और चांदी पर आयात शुल्क यानी इंपोर्ट ड्यूटी 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी है। इसके अलावा प्लैटिनम पर भी ड्यूटी बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत कर दी गई है। इसके कारण सोने-चांदी से जुड़े अन्य सामान जैसे सिक्के और गहनों पर भी असर पड़ा है। नए टैक्स बुधवार से लागू हो गए हैं।सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और विदेशी मुद्रा बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन की बचत करने, विदेश यात्रा टालने और फिलहाल सोने की खरीदारी कम करने की अपील भी की है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में इन बढ़ी हुई ड्यूटी का असर और ज्यादा दिखाई दे सकता है। कारोबारियों के अनुसार जब नया स्टॉक बाजार में आएगा तब ग्राहकों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख हरीश वी. ने कहा कि सोने पर आयात शुल्क बढ़ने से घरेलू बाजार में कीमतें और बढ़ सकती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक अनिश्चितता और रुपये की कमजोरी के समय सोना अभी भी सुरक्षित निवेश माना जाता है। विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी भी सोने और चांदी की कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह है। विदेशी निवेश की निकासी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपया डॉलर के मुकाबले 95.80 के निचले स्तर तक पहुंच गया है।