India Forex Reserve 2026: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 729 अरब डॉलर पार! दुनिया में कितने नंबर पर है इंडिया

India Forex Reserve 2026: RBI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.42 अरब डॉलर बढ़कर रिकॉर्ड 729.33 अरब डॉलर पहुंच गया है। जानें भारत दुनिया में किस नंबर पर है और सोने का भंडार कितना बढ़ा।

India Forex Reserve 2026

India Forex Reserve 2026: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी हुई है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 21 अगस्त 2026 को खत्म हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12.42 अरब डॉलर बढ़कर 729.33 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।


एक सप्ताह पहले भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर था। इससे पहले देश का सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार 728.49 अरब डॉलर था, जो 27 फरवरी 2026 को खत्म हुए सप्ताह में दर्ज किया गया था। अब भारत ने अपना पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।


विदेशी मुद्रा भंडार में क्यों आई तेजी?


RBI के आंकड़ों के अनुसार, 21 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों यानी FCA में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई। यह 9.48 अरब डॉलर बढ़कर 591.33 अरब डॉलर हो गई। विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी दूसरी विदेशी मुद्राओं में रखी संपत्तियां भी शामिल होती हैं। इन मुद्राओं की कीमत में होने वाले बदलाव का असर भी विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों पर पड़ता है। भारत में विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ाने के लिए सरकार और RBI की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। इनमें FCNR(B) जमा से जुड़े उपाय भी शामिल हैं। रियायती दरों पर की गई अदला-बदली व्यवस्था के तहत अब तक करीब 72 अरब डॉलर देश में आए हैं। विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने में इसका भी योगदान माना जा रहा है।


भारत के सोने के भंडार में भी बढ़ोतरी


विदेशी मुद्रा भंडार के साथ भारत के सोने के भंडार के मूल्य में भी बढ़ोतरी हुई है। 21 अगस्त को खत्म हुए सप्ताह में देश के स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.80 अरब डॉलर बढ़कर 114.22 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार यानी SDR में 11.2 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह 18.85 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी IMF में भारत के रिजर्व की स्थिति भी 2.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.92 अरब डॉलर हो गई। इस तरह RBI के विदेशी मुद्रा भंडार से जुड़े लगभग सभी प्रमुख हिस्सों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।


दुनिया में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार चौथे नंबर पर


विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत अब दुनिया के बड़े देशों में चौथे स्थान पर है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक चीन करीब 3.42 ट्रिलियन डॉलर के विदेशी मुद्रा भंडार के साथ पहले स्थान पर है। जापान करीब 1.29 ट्रिलियन डॉलर के साथ दूसरे और स्विट्जरलैंड करीब 1.09 ट्रिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अब 729.33 अरब डॉलर हो गया है। वहीं अमेरिका का विदेशी मुद्रा भंडार करीब 253 अरब डॉलर बताया गया है। इस हिसाब से भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अमेरिका के मुकाबले करीब तीन गुना है।


भारत के लिए क्यों अहम है बढ़ता विदेशी मुद्रा भंडार?


किसी देश के लिए विदेशी मुद्रा भंडार काफी अहम होता है। इससे देश को दूसरे देशों से सामान खरीदने, विदेशी भुगतान करने और आर्थिक संकट के समय जरूरी खर्च संभालने में मदद मिलती है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब वैश्विक स्तर पर व्यापार, कच्चे तेल की कीमत और दूसरी आर्थिक स्थितियों को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार रुपये और देश की बाहरी आर्थिक स्थिति को सहारा देने में भी मदद करता है।