Kylie jenner: 4410 हीरे और 1,000 घंटे की मेहनत, जानें काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा की खासियत

Kylie jenner: काइली जेनर ने विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो 2026 में करीब 440 करोड़ रुपये की फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप वॉक किया। जानें इसमें कितने हीरे लगे हैं और इसे बनाने में कितना समय लगा।

Kylie jenner

Kylie jenner: दुनिया में आपने महंगी घड़ियों, हीरे-जवाहरात और लग्जरी कपड़ों के बारे में तो खूब सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी करोड़ों रुपये की ब्रा के बारे में सुना है? अमेरिकी बिजनेसवुमन और रियलिटी टीवी स्टार काइली जेनर ने 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 440 करोड़ रुपये की डायमंड ब्रा पहनकर सुर्खियां बटोरी हैं। उन्होंने 18 अक्टूबर 2026 को लॉस एंजिलिस में हुए विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो में इस खास ब्रा को पहनकर रैंप वॉक किया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।  


कौन हैं काइली जेनर?


काइली जेनर अमेरिका की मशहूर बिजनेसवुमन, मॉडल और रियलिटी टीवी स्टार हैं। वह कार्दशियन-जेनर परिवार का हिस्सा हैं और अपना ब्यूटी ब्रांड भी चलाती हैं। सोशल मीडिया पर उनके लाखों प्रशंसक हैं। इस बार काइली ने पहली बार विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो के रैंप पर कदम रखा। उन्होंने सिल्वर मिनी स्कर्ट, सफेद पंखों और हीरों से सजी ब्रा पहनकर रैंप वॉक किया। उनके इस लुक में सबसे ज्यादा चर्चा उनकी डायमंड ब्रा की हुई। 


ब्रा में लगे हैं 4,410 प्राकृतिक हीरे


इस ब्रा का नाम फैंटेसी ब्रा है। इसे मशहूर ज्वेलरी ब्रांड Jacob & Co. ने विक्टोरिया सीक्रेट के साथ मिलकर तैयार किया है। इसकी कीमत करीब 5 करोड़ डॉलर बताई गई है। कंपनी के मुताबिक, यह विक्टोरिया सीक्रेट के इतिहास की अब तक की सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा है। इसमें कुल 4,410 प्राकृतिक हीरे लगाए गए हैं। बीच में 75.54 कैरेट का एक बड़ा पीले रंग का हीरा है। ब्रा में लगे सभी हीरों का कुल वजन करीब 1,373 कैरेट बताया गया है। इसे बनाने में 18 कैरेट सफेद सोने का इस्तेमाल किया गया है।  


इसे बनाने में लगे 1,000 घंटे से ज्यादा


इस खास ब्रा को तैयार करना आसान नहीं था। इसे बनाने में 15 कारीगरों ने मिलकर 1,000 घंटे से ज्यादा समय लगाया। इसमें कपड़े का इस्तेमाल नहीं किया गया है, बल्कि सोने और हीरों से बने हिस्सों को जोड़कर इसका ढांचा तैयार किया गया है। डिजाइन इस तरह बनाया गया है कि इसे पहनने वाला व्यक्ति रैंप पर चलते समय आसानी से हिल-डुल सके। हीरों की चमक और उनके सही इस्तेमाल पर खास ध्यान दिया गया है।  


क्या है विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा?


विक्टोरिया सीक्रेट की फैंटेसी ब्रा फैशन शो की खास पहचान रही है। इसे कीमती रत्नों, सोने और हीरों से तैयार किया जाता है। इसकी शुरुआत 1996 में हुई थी, जब मॉडल क्लाउडिया शिफर ने पहली फैंटेसी ब्रा पहनी थी। उस समय इसकी कीमत करीब 10 लाख डॉलर थी। साल 2000 में मॉडल गिसेले बुंडचेन ने 1.5 करोड़ डॉलर की रेड हॉट फैंटेसी ब्रा पहनी थी। साल 2018 में एल्सा होस्क ने भी फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप वॉक किया था। इसके बाद 2026 में इस खास ब्रा की वापसी हुई और काइली जेनर इसे पहनने वाली स्टार बनीं।  


काइली जेनर ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड


काइली जेनर की फैंटेसी ब्रा की कीमत 5 करोड़ डॉलर बताई गई है, जो गिसेले बुंडचेन की 2000 में पहनी गई 1.5 करोड़ डॉलर की ब्रा से काफी ज्यादा है। इस तरह काइली की ब्रा विक्टोरिया सीक्रेट के इतिहास में सबसे महंगी फैंटेसी ब्रा बन गई है।