LPG Rate Today: LPG की असली कीमत जानकर चौंक जाएंगे, सरकार अभी भी दे रही भारी सब्सिडी
LPG Rate Today: सरकार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतें बढ़ने के बावजूद घरेलू गैस सिलेंडर पर 700 रुपये से ज्यादा की छिपी हुई सब्सिडी दी जा रही है। जानिए सिलेंडर की असली कीमत, उज्ज्वला योजना का फायदा और आज के LPG रेट।
LPG Rate Today: सरकार ने गुरुवार को संसद में जानकारी दी कि जून महीने में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संकट की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी। इसके बावजूद देश के लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराया गया। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर पर 700 रुपये से ज्यादा की छिपी हुई सब्सिडी दी जा रही थी, जिससे आम उपभोक्ताओं पर बढ़ती कीमतों का बोझ नहीं पड़ा। मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर न पड़े। इसी वजह से घरेलू गैस सिलेंडर की खुदरा कीमतों को नियंत्रित रखा गया है।
सरकार के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के कारण 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की वास्तविक कीमत 1600 रुपये से अधिक पहुंच गई है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को यही सिलेंडर केवल 942 रुपये में दिया जा रहा है। यानी एक सिलेंडर पर 700 रुपये से ज्यादा का अंतर सरकार और सरकारी तेल कंपनियां वहन कर रही हैं ताकि लोगों का घरेलू बजट प्रभावित न हो।
LPG की कीमतों में तेजी आई
मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के बाद पूरी दुनिया में LPG की कीमतों में तेजी आई। LPG की कीमत तय करने वाले अंतरराष्ट्रीय मानक सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (Saudi CP) अप्रैल और मई 2026 में बढ़कर 780 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गया था। जून में यह और बढ़कर 796 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गया।
गैस सिलेंडर काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया गया
इन अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर जून महीने में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बाजार आधारित कीमत 1695 रुपये तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराया गया। इस अंतर को पूरा करने के लिए कारोबारी वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान तेल कंपनियों को 30,000 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को इस व्यवस्था का और अधिक फायदा मिल रहा है। सरकार की ओर से उन्हें 300 रुपये की सीधी सब्सिडी उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। इसके अलावा 700 रुपये से ज्यादा की अप्रत्यक्ष राहत भी उन्हें मिल रही है। इस तरह उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को एक सिलेंडर पर करीब 1000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। यही कारण है कि उन्हें घरेलू LPG सिलेंडर केवल 642 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
आज LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही बने हुए हैं। दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2930 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में घरेलू सिलेंडर की कीमत 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2882 रुपये है। वहीं बेंगलुरु में घरेलू LPG सिलेंडर 948.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3006 रुपये में उपलब्ध है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद आम लोगों को राहत देने के लिए यह व्यवस्था जारी रखी गई है, ताकि घरेलू गैस की कीमतें लोगों की पहुंच में बनी रहें।