MakeMyTrip Price Drop: टिकट बुक करने के बाद किराया घटा तो मिलेगा रिफंड, जानें चार्ज और नियम

MakeMyTrip Price Drop: मेक माई ट्रिप ने प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन सुविधा शुरू की है। टिकट बुक करने के बाद किराया घटने पर यात्रियों को तय सीमा तक रिफंड मिल सकता है। जानें चार्ज और नियम।

 MakeMyTrip Price Drop

 MakeMyTrip Price Drop: अगर आप फ्लाइट टिकट बुक करने के बाद इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि कुछ दिन बाद उसी फ्लाइट का किराया कहीं कम न हो जाए तो  मेक माई ट्रिप की नई सुविधा आपके काम आ सकती है। कंपनी ने यात्रियों के लिए प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन नाम से एक ऐड-ऑन सुविधा शुरू की है। इसके तहत टिकट बुक करने के बाद अगर उसी फ्लाइट का पात्र किराया कम हो जाता है, तो तय नियमों के अनुसार किराए के अंतर की रकम वापस मिल सकती है।


यह सुविधा घरेलू और इंटरनेशनल दोनों फ्लाइट बुकिंग के लिए उपलब्ध है। इसका फायदा वन-वे और राउंड-ट्रिप टिकट बुकिंग में भी लिया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए टिकट बुक करते समय अलग से चार्ज देना होगा।


कैसे काम करता है प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन?


मान लीजिए आपने 9,000 रुपये में घरेलू फ्लाइट का टिकट बुक किया और साथ में प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन भी लिया। बाद में उसी बुकिंग के लिए पात्र किराया घटकर 7,000 रुपये हो गया। यानी किराए में 2,000 रुपये की कमी आई। ऐसी स्थिति में अगर आपकी बुकिंग सुविधा की सभी शर्तों को पूरा करती है, तो आपको किराए के अंतर के रूप में 2,000 रुपये तक का रिफंड मिल सकता है। घरेलू फ्लाइट के लिए इस सुविधा के तहत अधिकतम 2,500 रुपये प्रति यात्री तक रिफंड मिल सकता है। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए अधिकतम रिफंड की सीमा 3,000 रुपये प्रति यात्री है।


कितने समय तक मिलेगी यह सुरक्षा?


प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन टिकट बुक करने के समय से लागू होती है। यह सुविधा फ्लाइट के तय समय से 6 घंटे पहले तक किराए में होने वाली कमी के लिए लागू रहती है। अगर आप रिफंड के लिए पात्र हैं, तो यात्रा पूरी होने के बाद 30 दिनों के अंदर इसका दावा किया जा सकता है। हालांकि, रिफंड पाने के लिए  मेक माई ट्रिप की तय शर्तों और पात्रता नियमों को पूरा करना जरूरी होगा।


प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन के लिए कितना देना होगा?


यह सुविधा मुफ्त नहीं है। इसे फ्लाइट टिकट बुक करते समय ऐड-ऑन के तौर पर खरीदना होगा। घरेलू फ्लाइट के लिए इसकी शुरुआती कीमत 229 रुपये प्रति यात्री है, जबकि इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए यह शुल्क 349 रुपये प्रति यात्री से शुरू होता है। यह रकम टिकट के किराए से अलग देनी होगी। उदाहरण के लिए, अगर आपने 11,000 रुपये की घरेलू फ्लाइट बुक की और 229 रुपये देकर प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन लिया। बाद में उसी बुकिंग का पात्र किराया 2,000 रुपये कम हो गया, तो नियमों के अनुसार आपको 2,000 रुपये तक का अंतर वापस मिल सकता है, लेकिन अगर टिकट बुक करने के बाद किराया कम नहीं होता है, तो प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन के लिए दिए गए 229 रुपये वापस नहीं मिलेंगे।


क्या जल्दी टिकट बुक करना अब फायदेमंद होगा?


प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन का मकसद टिकट जल्दी बुक करने के बाद किराया कम होने के जोखिम को कम करना है। इसका मतलब यह नहीं है कि जल्दी टिकट बुक करने पर आपको हमेशा सस्ता किराया मिलेगा। इस सुविधा में फायदा तभी मिलेगा जब टिकट बुक करने के बाद संबंधित फ्लाइट का पात्र किराया कम हो और आपकी बुकिंग  मेक माई ट्रिप की सभी तय शर्तों को पूरा करती हो। रिफंड की अधिकतम सीमा भी घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए अलग-अलग तय की गई है, इसलिए टिकट बुक करते समय प्राइस ड्रॉप प्रोटेक्शन लेने से पहले इसके चार्ज, पात्रता और रिफंड से जुड़े नियमों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।