PAN Card Fraud: PAN से कहीं फर्जी कंपनी तो नहीं? ऐसे चेक करें और तुरंत पकड़ें धोखाधड़ी
PAN Card Fraud: PAN Card Fraud से बचने के लिए जानिए कैसे चेक करें कि आपके PAN से कोई फर्जी कंपनी या GST Registration तो नहीं हुआ है और धोखाधड़ी मिलने पर क्या करें।
PAN Card Fraud: पैन कार्ड आज सिर्फ इनकम टैक्स से जुड़े काम के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं है। बैंक खाता खोलने, निवेश करने और बड़े वित्तीय लेन-देन में भी इसका इस्तेमाल होता है। यही वजह है कि पैन की जानकारी का गलत इस्तेमाल होने पर व्यक्ति को आर्थिक और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अगर आपको शक है कि किसी ने आपके पैन का इस्तेमाल करके कंपनी, फर्म या GST रजिस्ट्रेशन करा लिया है, तो आप इसे ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
GST पॉर्टल पर ऐसे चेक करें पैन का इस्तेमाल
आप यह पता कर सकते हैं कि आपके पैन से कोई GST रजिस्ट्रेशन जुड़ा है या नहीं। इसके लिए GST के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर सर्च टैक्सपेअर सुविधा का इस्तेमाल करें। इसके बाद सर्च बाई पैन विकल्प चुनें। अपना पैन नंबर और कैप्चा दर्ज करने पर स्क्रीन पर उस पैन से जुड़े GST रजिस्ट्रेशन की जानकारी दिखाई जा सकती है। अगर यहां ऐसी किसी कंपनी या फर्म का नाम दिखाई देता है, जिससे आपका कोई संबंध नहीं है, तो इसे गंभीरता से लें और तुरंत इसकी जांच करें।
इनकम टैक्स पॉर्टल पर भी जांच करें
पैन के गलत इस्तेमाल का पता लगाने के लिए इनकम टैक्स e-फिलिंग पॉर्टल पर उपलब्ध जानकारी भी देखना जरूरी है।
अपने अकाउंट में लॉगिन करने के बाद Form 26AS और Annual Information Statement (AIS) चेक करें। इनमें दिखाई देने वाली आय, टैक्स और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी एंट्री को ध्यान से देखें। अगर कोई ऐसी एंट्री दिखाई देती है जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है, तो उसे नजरअंदाज न करें। पहले संबंधित संस्था या बैंक से जानकारी लें और जरूरत पड़ने पर शिकायत दर्ज कराएं।
पैन के नाम पर फर्जी कंपनी या GST मिले तो क्या करें?
अगर जांच के दौरान आपके पैन से जुड़ा कोई अनजान GST रजिस्ट्रेशन, कंपनी, फर्म, लोन या वित्तीय लेन-देन सामने आता है, तो जल्द कार्रवाई करें। साइबर धोखाधड़ी का मामला होने पर National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत की जा सकती है। वित्तीय साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया जा सकता है। अगर मामला GST रजिस्ट्रेशन से जुड़ा है तो GST पोर्टल पर उपलब्ध शिकायत या हेल्पडेस्क सुविधा के जरिए इसकी जानकारी दें। गंभीर मामले में पुलिस में शिकायत या FIR भी दर्ज कराई जा सकती है।
शिकायत करते समय सबूत संभालकर रखें
शिकायत करने से पहले और बाद में जरूरी दस्तावेज संभालकर रखें। इनमें पैन की कॉपी, संदिग्ध GST रजिस्ट्रेशन की जानकारी, AIS या Form 26AS की संबंधित एंट्री, बैंक रिकॉर्ड और किसी भी तरह के मैसेज या ईमेल शामिल हो सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि पैन नंबर और दूसरे निजी दस्तावेजों की जानकारी बिना जरूरत किसी के साथ साझा न करें। समय-समय पर अपने पैन से जुड़ी वित्तीय जानकारी की जांच करते रहना भी फायदेमंद है।