Petrol-Diesel Price: कच्चे तेल में गिरावट के बाद भी नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के रेट, जानें वजह, देखें कौन से शहर में क्या है रेट?

Petrol-Diesel Price: 1 जुलाई 2026 को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। क्रूड ऑयल सस्ता होने और अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बावजूद तेल कंपनियों ने पुराने रेट बरकरार रखे हैं।

Petrol-Diesel Price

Petrol-Diesel Price: देशभर में 1 जुलाई 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों यानी OMCs ने आज भी पुराने रेट ही लागू रखे हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर दिन सुबह 6 बजे अपडेट की जाती हैं। इन कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल के दाम और डॉलर-रुपये के एक्सचेंज रेट का सीधा असर पड़ता है। आज महीने की पहली तारीख होने की वजह से लोगों को उम्मीद थी कि पेट्रोल-डीजल के दाम में कुछ राहत मिल सकती है। इसकी वजह यह थी कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता से युद्ध का खतरा कम होता दिख रहा है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की सप्लाई भी सामान्य हो रही है। इससे ग्लोबल ऑयल मार्केट पर दबाव कम हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल क्रूड ऑयल की कीमत 71.60 डॉलर से 72.40 डॉलर प्रति बैरल के बीच बनी हुई है। पिछले महीनों में जब अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद तनाव बढ़ा था, तब क्रूड ऑयल की कीमतें काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गई थीं। उस दौरान भी भारत की बड़ी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियमने घरेलू बाजार में कीमतों को स्थिर रखा था। इससे कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा था। अब माना जा रहा है कि कंपनियां पहले हुए नुकसान की भरपाई कर रही हैं।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमत

अगर प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों की बात करें, तो दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये है। भोपाल में पेट्रोल 114.54 रुपये और डीजल 99.64 रुपये है। गुरुग्राम में पेट्रोल 103.32 रुपये और डीजल 95.51 रुपये है। पटना में पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर है। शिमला में पेट्रोल 102.55 रुपये और डीजल 94.61 रुपये है। चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये है। पुणे में पेट्रोल 111.52 रुपये और डीजल 98.15 रुपये प्रति लीटर है।

पेट्रोल-डीजल के दाम घटने की उम्मीद

पेट्रोल-डीजल के दाम घटने की उम्मीद इसलिए भी बढ़ी थी क्योंकि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच नई शांति वार्ता शुरू हुई है। इससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम हुआ है। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की सप्लाई तेज हुई है। ईरान ने पिछले कुछ दिनों में इसी रास्ते से 4 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजा है। वहीं रूस से भी तेल निर्यात बढ़ा है। इन सभी कारणों से बाजार में तेल की उपलब्धता बेहतर हुई है और कीमतों पर दबाव कम हुआ है। हालांकि अभी तक इसका सीधा फायदा भारतीय ग्राहकों को नहीं मिला है। फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें और नीचे आती हैं, तो घरेलू बाजार में भी राहत मिलने की उम्मीद बढ़ सकती है।