Petrol-Diesel Price Today: दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 लीटर, जानें पटना, मुंबई समेत अन्य शहरों के भाव

Petrol-Diesel Price Today: देश में 4 साल बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े। जानिए नए रेट, कीमत बढ़ने की वजह और आम लोगों पर इसका असर।

Petrol-Diesel Price Today
पेट्रोल प्राइस अपडेट- फोटो : freepik

Petrol-Diesel Price Today: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल से ज्यादा समय बाद बड़ा बदलाव किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। लंबे समय से कीमतें स्थिर थीं, लेकिन अब अचानक हुए इस बदलाव ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर सिर्फ गाड़ी चलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ सकता है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने की वजह से यह फैसला लिया गया है। पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे तनाव के कारण पूरी दुनिया में तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते विवाद और होर्मुज स्ट्रेट में पैदा हुई स्थिति का असर अब भारत पर भी दिखाई देने लगा है।

अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद हालात बिगड़े

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद हालात और बिगड़ गए। इसके बाद तेल की सप्लाई पर असर पड़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ गईं। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से खरीदता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने का सीधा असर देश के लोगों पर पड़ता है।

पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें लागू

शनिवार 16 मई को कई बड़े शहरों में पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें लागू हो गईं। नई दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये हो गया है। चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

पटना में तेल की कीमत

अगर दूसरे शहरों की बात करें तो पटना में पेट्रोल 109.06 रुपये और डीजल 95.10 रुपये प्रति लीटर हो गया है। हैदराबाद में पेट्रोल सबसे ज्यादा 110.85 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि वहां डीजल 98.96 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। जयपुर में पेट्रोल 107.75 रुपये और डीजल 93.03 रुपये है। बेंगलुरु में पेट्रोल 106.17 रुपये और डीजल 94.10 रुपये प्रति लीटर हो गया है। लखनऊ में पेट्रोल 97.39 रुपये और डीजल 90.69 रुपये बिक रहा है। नोएडा में पेट्रोल 97.97 रुपये और डीजल 91.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

पेट्रोल और डीजल की कीमत अलग-अलग 

हर राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमत अलग-अलग होती है। इसकी सबसे बड़ी वजह टैक्स है। राज्य सरकारें अपने हिसाब से VAT यानी वैट टैक्स लगाती हैं। इसी कारण किसी शहर में पेट्रोल सस्ता होता है तो कहीं महंगा। दिल्ली और हैदराबाद के दाम में बड़ा अंतर इसी वजह से दिखाई देता है।

आम लोगों की जेब पर महंगाई का असर

पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देगा। गाड़ियों में तेल भरवाने का खर्च बढ़ेगा ही, साथ ही ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। फल, सब्जियां, दूध, अनाज और दूसरे जरूरी सामान की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ट्रक और माल ढुलाई का खर्च बढ़ने से बाजार में सामान महंगा पहुंच सकता है। अगर पश्चिम एशिया में तनाव कम नहीं हुआ और कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले समय में पेट्रोल, डीजल के साथ-साथ एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल लोग उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द सामान्य हों ताकि ईंधन की कीमतों में राहत मिल सके।