Petrol Diesel Prices: लगातार बढ़ती कीमतों के बीच चेक करें फ्यूल के रेट! जानें आज आपके शहर में कितना है पेट्रोल-डीजल का भाव?
Petrol Diesel Prices: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 10 दिनों में तीसरी बार बढ़ चुकी है। हालांकि, आज तेल की कीमतों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। जानें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत बड़े शहरों में नए रेट।
Petrol Diesel Prices: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। शनिवार को 10 दिनों से भी कम समय में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए थे। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी थी।
इस बार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। खासकर उन लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ रहा है जो रोजाना वाहन का इस्तेमाल करते हैं। लंबे समय तक ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन अब लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सरकारी तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों का असर अब ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं। हालांकि, आज रविवार (24 मई 2026) को तेल की कीमतों में कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिला है।
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हुई हैं
जानकारों के अनुसार, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हुई हैं। इसके साथ ही रिफाइनिंग मार्जिन कम हो रहा है और भारतीय रुपया भी कमजोर हुआ है। इन सभी कारणों से तेल आयात करना महंगा पड़ रहा है, जिसका असर सीधे पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर दिखाई दे रहा है।
देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल और डीजल के नए रेट
देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी कर दिए गए हैं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 92.70 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 108.45 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये और डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 105.33 रुपये और डीजल 97.00 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
बेंगलुरु में पेट्रोल की कीमत 108.09 रुपये और डीजल 95.99 रुपये प्रति लीटर है। भोपाल में पेट्रोल 111.71 रुपये और डीजल 96.85 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
भुवनेश्वर में पेट्रोल 105.95 रुपये और डीजल 97.59 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चंडीगढ़ में पेट्रोल 98.97 रुपये और डीजल 86.94 रुपये प्रति लीटर है। देहरादून में पेट्रोल 97.95 रुपये और डीजल 93.23 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
लगातार बढ़ती ईंधन की कीमतों का असर सिर्फ वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहता। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से खाने-पीने की चीजें, सब्जियां, दूध और रोजमर्रा के सामान भी महंगे हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की चिंता लोगों के बीच बढ़ रही है।