World Stock Market: मिडिल ईस्ट तनाव से डोला बाजार, शेयर निवेशकों की बढ़ी चिंता,सेंसेक्स 600 से ज्यादा अंक टूटा

World Stock Market: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा। सेंसेक्स 606 अंक गिरकर खुला, निफ्टी भी नुकसान में रहा।

World Stock Market

World Stock Market: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर दुनिया भर के वित्तीय बाजारों पर देखने को मिल रहा है। मध्य पूर्व में बढ़े तनाव और रेड अलर्ट जैसी स्थिति के कारण निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया, जहां सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। कारोबार शुरू होते ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 606.04 अंक गिरकर 76,963.35 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 167 अंकों की गिरावट के साथ 24,039 के स्तर पर कारोबार शुरू करने में सफल रहा।

आज के कारोबार में सबसे अधिक दबाव ट्रेंट लिमिटेड के शेयरों पर देखने को मिला। कंपनी के पहली तिमाही के कमजोर नतीजों के बाद निवेशकों ने शेयरों की भारी बिकवाली की। इसके चलते ट्रेंट के शेयरों में 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में भी आज कमजोरी का माहौल देखने को मिला। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती तनातनी और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

जापान समेत अन्य देशों का शेयर मार्केट

जापान का प्रमुख निक्केई 225 इंडेक्स 0.70 प्रतिशत तक गिर गया। हालांकि टॉपिक्स इंडेक्स में 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी दबाव में रहा, जबकि छोटे शेयरों वाला कोस्डैक इंडेक्स 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखाई दिया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स के फ्यूचर्स भी पिछले बंद स्तर की तुलना में मामूली बढ़त पर नजर आए। अमेरिकी बाजारों में भी तनाव का असर दिखाई देने लगा है। ईरान की ओर से अमेरिका के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया के बाद अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे

डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स में 135 अंकों यानी करीब 0.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। एसएंडपी 500 फ्यूचर्स भी 0.3 प्रतिशत नीचे रहे, जबकि नैस्डैक-100 फ्यूचर्स में 0.5 प्रतिशत की कमजोरी देखी गई। हालांकि पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.42 प्रतिशत बढ़कर 7,575.39 पर बंद हुआ था। वहीं नैस्डैक कम्पोजिट 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,281.61 पर पहुंच गया था। डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज भी 149.60 अंकों की बढ़त के साथ 52,637.01 पर बंद हुआ था।

कच्चे तेल की कीमतों में भी बड़ी तेजी

इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी बड़ी तेजी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 4.41 प्रतिशत बढ़कर 79.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है और 80 डॉलर के स्तर की ओर बढ़ रहा है। वहीं वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 4.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 74.57 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। घरेलू वायदा बाजार में भी कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया। कारोबार की शुरुआत में ही कच्चा तेल करीब 177 रुपये की बढ़त के साथ 6,991 रुपये प्रति बैरल के उच्च स्तर पर पहुंच गया।

अमेरिकी डॉलर मजबूत

अमेरिकी डॉलर भी आज मजबूत होता दिखाई दिया। डॉलर इंडेक्स (DXY) 0.18 प्रतिशत बढ़कर 101.13 पर पहुंच गया। यह इंडेक्स प्रमुख वैश्विक मुद्राओं जैसे ब्रिटिश पाउंड, यूरो, जापानी येन, स्विस फ्रैंक और स्वीडिश क्रोना के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाता है। भारतीय मुद्रा पर भी दबाव बना हुआ है। 10 जुलाई को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 0.07 प्रतिशत कमजोर होकर 95.32 के स्तर पर बंद हुआ था।