Bihar Government Jobs: बिहार में सरकारी नौकरी की बड़ी बहार! 11 हजार से ज्यादा पदों पर होगी बहाली

Bihar Government Jobs: स्टाफ नर्स के 4 हजार और लैब टेक्नीशियन के 1500 पदों पर भर्ती की तैयारी पूरी, CHO, अस्पताल प्रबंधक और अकाउंटेंट के पद भी होंगे शामिल, रिक्तियों का ब्योरा जुटाने में जुटा विभाग।

Government Jobs
11 हजार से ज्यादा पदों पर बहाली- फोटो : X

Bihar Government Jobs: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक पदों पर संविदा के आधार पर बहाली की तैयारी तेज कर दी गई है। लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती बड़ा मौका साबित हो सकती है। राज्य स्वास्थ्य समिति नवंबर के आखिरी सप्ताह तक नियुक्ति का विज्ञापन जारी कर सकती है। खास बात यह है कि विभाग ने अगले छह महीने के भीतर पूरी बहाली प्रक्रिया संपन्न करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस भर्ती अभियान में स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर , अस्पताल प्रबंधक और अकाउंटेंट समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल होंगे। विभाग की ओर से रिक्त पदों का ब्योरा जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शुरुआती स्तर पर स्टाफ नर्स के 4 हजार और लैब टेक्नीशियन के करीब 1500 खाली पदों की सूची तैयार कर ली गई है। वहीं, अन्य श्रेणियों के पदों की संख्या और जरूरत का आकलन भी किया जा रहा है।

स्टाफ नर्स और लैब टेक्नीशियन के सबसे ज्यादा पद

स्वास्थ्य विभाग की इस प्रस्तावित बहाली में स्टाफ नर्स के पद अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अवसर लेकर आ रहे हैं। अकेले इस श्रेणी में करीब 4 हजार रिक्तियां सामने आई हैं। इसके अलावा लैब टेक्नीशियन के 1500 पदों पर भी नियुक्ति की तैयारी है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति अहम मानी जा रही है।इसके साथ ही कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर , अस्पताल प्रबंधक और अकाउंटेंट के पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। हालांकि इन पदों की विस्तृत संख्या और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित आधिकारिक जानकारी विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

छह महीने में पूरी होगी बहाली प्रक्रिया

दरअसल, बिहार के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इसका सीधा असर मरीजों के इलाज, जांच और दूसरी स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ रहा है। कई जगह पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी नहीं होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या से निपटने के लिए विभाग ने खाली पदों को भरने की कवायद तेज की है।राज्य स्वास्थ्य समिति नवंबर के अंतिम सप्ताह में विज्ञापन जारी करने की तैयारी में है। इसके बाद आवेदन, चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विभाग का लक्ष्य अगले छह महीने में पूरी प्रक्रिया पूरी करने का है।

अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार

इस भर्ती को लेकर युवाओं में उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि आवेदन की अंतिम तिथि, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और वेतनमान की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में ही सामने आएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे राज्य स्वास्थ्य समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।