Bihar Job: बिहार के खिलाड़ियों के लिए सरकार ने खोला सर्विस का दरवाजा, बिना परीक्षा मिलेगी सरकारी नौकरी, मेडल जीतते ही बनेंगे अफसर

Bihar Job:बिहार सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक और बेहद राहतभरा फैसला लेते हुए सरकारी नौकरियों का बड़ा दरवाजा खोल दिया है।

Bihar Offers Direct Govt Jobs to Medal-Winning Athletes
बिहार के खिलाड़ियों के लिए सरकार ने खोला सर्विस का दरवाजा- फोटो : social Media

Bihar Job:बिहार सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक ऐतिहासिक और बेहद राहतभरा फैसला लेते हुए सरकारी नौकरियों का बड़ा दरवाजा खोल दिया है। नई खेल नियुक्ति नीति 2026 के तहत अब अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बिना किसी लिखित परीक्षा के सीधी सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस फैसले को खेल जगत में बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।सरकार की नई व्यवस्था के अनुसार ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में पारंपरिक प्रतियोगी परीक्षा की बाध्यता नहीं होगी और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ही उनकी योग्यता का आधार माना जाएगा।

सरकार ने उन बिहारी खिलाड़ियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया है जो वर्तमान में दूसरे राज्यों, केंद्र सरकार अथवा सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) में कार्यरत हैं। ऐसे खिलाड़ियों को बिहार वापस आने का अवसर दिया जाएगा। बिहार में नियुक्ति मिलने के बाद उनकी पूर्व सेवा अवधि की पूरी गणना की जाएगी और नौकरी में किसी प्रकार का ब्रेक नहीं माना जाएगा। इतना ही नहीं, उनका पुराना वेतनमान और सेवा लाभ भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।बिहार खेल नियुक्ति 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 जून से 20 जून तक निर्धारित की गई है। इच्छुक खिलाड़ी सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। नियुक्ति के लिए केवल वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियन गेम्स या कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लिया हो अथवा पदक जीता हो। साथ ही खेल उपलब्धियां पिछले दो वित्तीय वर्षों की या पदक जीतने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष के भीतर की होनी चाहिए।

नई नीति के तहत मेडल के आधार पर पद और वेतनमान भी तय किए गए हैं। ओलंपिक पदक विजेता तथा एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को लेवल-9 (ग्रेड पे 5400) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वहीं ओलंपिक प्रतिभागियों और एशियन या कॉमनवेल्थ खेलों के रजत एवं कांस्य पदक विजेताओं को लेवल-7 (ग्रेड पे 4600) का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों के प्रतिभागियों तथा नेशनल गेम्स के स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को लेवल-6 (ग्रेड पे 4200) के पदों पर अवसर दिया जाएगा। सरकार ने उन खिलाड़ियों को भी निराश नहीं किया है जो पदक नहीं जीत सके, लेकिन नेशनल गेम्स में शीर्ष-8 स्थान पर रहे। ऐसे खिलाड़ियों को ट्रायल के माध्यम से सरकारी नौकरी हासिल करने का अवसर मिलेगा।

खेल प्रतिभाओं को सम्मान और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में बिहार सरकार का यह कदम प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। इससे न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि राज्य में खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।