Bihar Scholarship 2026: अब पढ़ाई नहीं रुकेगी! बिहार के मैट्रिक-इंटर पास छात्रों को मिलेंगे 10 से 15 हजार रुपये, शिक्षा विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, नोट कर लें, ऑनलाइन आवेदन शुरू

Bihar Scholarship 2026: शिक्षा विभाग ने राज्य के लाखों मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना का ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है।...

Bihar Students 10K 15K Aid for Matric Inter Pass Students Ap
मैट्रिक-इंटर पास छात्रों को मिलेंगे 10 से 15 हजार रुपये- फोटो : social Media

Bihar Scholarship 2026: बिहार में शिक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग ने राज्य के लाखों मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना का ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। अब वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और सरकार की तरफ से सीधे बैंक खाते में प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर पाएंगे। 25 मई 2026 से शुरू हुई इस योजना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सरकार का मकसद साफ है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी गरीब और प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई बीच में न छूटे। यही वजह है कि इस बार अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग प्रोत्साहन राशि तय की गई है।

मैट्रिक पास छात्रों को मिलेगा 10 हजार तक का इनाम

10वीं यानी मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास करने वाले सामान्य, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के प्रथम श्रेणी से पास विद्यार्थियों को भी 10 हजार रुपये मिलेंगे। खास बात यह है कि एससी-एसटी वर्ग के द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रों को भी 8 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

 इंटर पास छात्राओं के लिए सरकार का बड़ा दांव

12वीं परीक्षा में सफलता पाने वाली छात्राओं के लिए सरकार ने विशेष प्रावधान किया है। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की प्रथम श्रेणी से पास छात्राओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जबकि द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। सरकार मानती है कि यह सहायता राशि बेटियों की आगे की कॉलेज शिक्षा में मजबूत सहारा बनेगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

छात्रों को आवेदन के लिए मेधासॉफ्ट पोर्टल पर जाना होगा। वहां परीक्षा रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि या कुल प्राप्तांक डालकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद नाम, कुल अंक, बैंक खाता संख्या, बैंक शाखा, आईएफएससी कोड और पहचान पत्र संबंधी जानकारी भरनी होगी। विभाग ने साफ कहा है कि एक छोटी गलती भी आवेदन रद्द करा सकती है, इसलिए सभी जानकारी बेहद सावधानी से भरें।

बैंक खाते को लेकर सरकार की सख्त शर्त

सरकार की तरफ से राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे छात्रों के खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए छात्र का बैंक खाता उसी के नाम पर होना जरूरी है। जॉइंट अकाउंट मान्य नहीं होगा। साथ ही खाता बिहार स्थित किसी राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में होना चाहिए। बिहार के बाहर के बैंक खातों में राशि नहीं भेजी जाएगी।

तकनीकी दिक्कत होने पर यहां करें संपर्क

यदि आवेदन के दौरान किसी छात्र को तकनीकी परेशानी आती है तो शिक्षा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 8986294256 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा विभाग ने ईमेल सुविधा भी उपलब्ध कराई है ताकि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।