Bihar Job: 2,300 युवाओं को मिलेगी नौकरी, बिहार में खुलेंगे 33 नए कारखाने! इन 8 औद्योगिक क्षेत्रों में आवंटित हुई जमीन
Bihar Job: बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है।...
Bihar Job: बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। राज्य में 33 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने गुरुवार को इन इकाइयों के लिए 64.23 एकड़ औद्योगिक भूमि और प्लग-एंड-प्ले शेड आवंटित करने की मंजूरी दे दी। इन परियोजनाओं के जरिए करीब 915.52 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। वहीं, इनके स्थापित होने से लगभग 2,300 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
भूमि आवंटन का फैसला बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना स्वीकृति समिति (पीसीसी) की बैठक में लिया गया। बैठक में राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, नई इकाइयां स्थापित करने और आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा उद्योग, परिधान निर्माण, यूपीवीसी पाइप, पीयू फोम और बैग निर्माण के साथ सामान्य विनिर्माण क्षेत्र की इकाइयां शामिल हैं। इससे बिहार में अलग-अलग क्षेत्रों के औद्योगिक कारोबार को विस्तार मिलने की संभावना है।
सबसे खास बात यह है कि निवेशकों को प्लग-एंड-प्ले सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत पहले से तैयार औद्योगिक आधारभूत संरचना और शेड मिलेंगे। इससे उद्यमियों को कारखाना स्थापित करने में लगने वाला समय कम होगा और उत्पादन कार्य जल्द शुरू करने में मदद मिलेगी।
बियाडा ने जिन औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन आवंटित करने की मंजूरी दी है, उनमें कुमारबाग, सिकंदरपुर, पाटलिपुत्र, फतुहा, बरियारपुर, नवानगर, बिहारशरीफ और आईजीसी औरंगाबाद शामिल हैं।
बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार के अनुसार, प्रस्तावित निवेश से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। साथ ही बिहार के विभिन्न इलाकों में रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। हालांकि, 2,300 नौकरियां फिलहाल प्रस्तावित परियोजनाओं से जुड़ा अनुमान हैं। इनका वास्तविक सृजन कारखानों के निर्माण और संचालन शुरू होने के बाद होगा।