Bihar Job: बिहार में भूमि सर्वे के लिए 3310 पदों पर होगी बहाली, फरवरी 2027 तक होगी नियुक्ति,जानिए पूरी प्रक्रिया

Bihar Job: बिहार में जमीन सर्वेक्षण का काम समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सरकार ने कमर कस ली है।...

Bihar Job: बिहार में भूमि सर्वे के लिए 3310 पदों पर होगी बहा
भूमि सर्वे के लिए 3310 पदों पर होगी बहाली- फोटो : X

Bihar Job: बिहार में जमीन सर्वेक्षण का काम समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की तैयारी कर ली है। इसके तहत अलग-अलग पदों पर कुल 3,310 कर्मियों की बहाली की जाएगी। विभाग का लक्ष्य फरवरी 2027 तक सभी पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने का है। इसके अलावा भविष्य में दो हजार और पदों पर बहाली की योजना बनाई जा रही है। इस फैसले से भूमि सर्वेक्षण कार्य में तेजी आने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे भी खुलेंगे।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में नियुक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने और जमीन से जुड़े कामकाज को रफ्तार देने के लिए यह फैसला लिया गया है। सरकार की कोशिश है कि फरवरी 2027 तक सभी निर्धारित पदों पर कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी जाए।

मंत्री के मुताबिक, कुल 3,310 पदों में 96 सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 414 विशेष सर्वेक्षण कानूनगो, 2,609 विशेष सर्वेक्षण अमीन और 191 विशेष सर्वेक्षण लिपिक के पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से राज्य के विभिन्न जिलों में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, बिहार में भूमि सर्वेक्षण का काम काफी अहम है। जमीन के पुराने दस्तावेजों का सत्यापन, वास्तविक रैयतों की पहचान, जमीन की मापी और अभिलेखों को दुरुस्त करने जैसे कामों में प्रशिक्षित कर्मियों की जरूरत होती है। बड़ी संख्या में अमीन, कानूनगो और लिपिकों की तैनाती होने से इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने में मदद मिल सकती है।

सरकार की योजना केवल भूमि सर्वेक्षण तक सीमित नहीं है। विकास परियोजनाओं के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के मकसद से भूमि अधिग्रहण के लिए विशेष सेल का गठन भी किया जा रहा है। इससे सड़क, पुल, औद्योगिक परियोजनाओं और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।मंत्री ने भविष्य में दो हजार अतिरिक्त पदों पर नियुक्ति की भी जानकारी दी। हालांकि, इन पदों की विस्तृत संख्या और भर्ती प्रक्रिया का ब्योरा अभी सामने आना बाकी है।

कुल मिलाकर, 3,310 नियुक्तियों की तैयारी बिहार में भूमि प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे न केवल सरकारी कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है, बल्कि जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे और विकास योजनाओं को समय पर जमीन उपलब्ध कराने में भी सहूलियत मिल सकती है।