Bihar Job Camp: बिहार में दिव्यांग बेरोजगारों के लिए नौकरी का मौका, 10वीं से स्नातक तक के अभ्यर्थी पात्र
Bihar Job Camp: बिहार में दिव्यांग यानी नि:शक्तजन अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर सामने आया है।
Bihar Job Camp: गया में दिव्यांग यानी नि:शक्तजन अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। 31 अगस्त को विशेष रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कंपनियों के लिए कुल 93 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। नौकरी की तलाश कर रहे दिव्यांग युवाओं के लिए यह शिविर रोजगार की नई राह खोल सकता है।
यह विशेष रोजगार शिविर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया की ओर से आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन, केंदुई, गया में होगा। अधिकारियों के मुताबिक इसका मकसद दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के मुताबिक रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
93 पदों पर मिलेगा रोजगार
अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया के सहायक निदेशक नियोजन ने बताया कि शिविर में LIC of India और Youth For Job Foundation, Patna की ओर से विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। गया जिले के लिए कुल 93 रिक्तियों पर नियुक्ति की प्रक्रिया इस शिविर के जरिए पूरी की जाएगी।इन पदों में बीमा सखी, इंश्योरेंस एडवाइजर, लोडर, वैन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, पैकर और हाउसकीपिंग सहित कई तरह के रोजगार शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद और कंपनी के मुताबिक 7 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है।
रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 10वीं से स्नातक तक निर्धारित की गई है। यानी अलग-अलग योग्यता रखने वाले दिव्यांग युवाओं के लिए रोजगार के विकल्प मौजूद रहेंगे।इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लेकर 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक अवर प्रादेशिक नियोजनालय, केंदुई, गया में पहुंचना होगा।
पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क
इस रोजगार शिविर की सबसे अहम बात यह है कि इसमें भाग लेने और चयन की प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी नौकरी की तलाश कर रहे दिव्यांग उम्मीदवार बिना किसी आर्थिक बोझ के इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
शिविर में केवल नौकरी के अवसर ही उपलब्ध नहीं होंगे। दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, गया, अवर प्रादेशिक नियोजनालय और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण संस्थाओं की ओर से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी।इसका मकसद दिव्यांगजनों को सिर्फ नौकरी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें कौशल प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। अधिकारियों ने पात्र अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है।गया में आयोजित होने वाला यह शिविर उन दिव्यांग युवाओं के लिए खास मौका है, जो अपनी पढ़ाई और हुनर के मुताबिक रोजगार की तलाश में हैं। 31 अगस्त को केंदुई में लगने वाला यह रोजगार शिविर करियर बनाने की दिशा में एक अहम पड़ाव साबित हो सकता है।
रिपोर्ट- प्रेम भारद्वाज