Patna Job Fair: पटना में रोजगार का बड़ा मौका, इस दिन 2 हजार से ज्यादा बेरोजगारों को मिलेगी नौकरी
Patna Job Fair: पटना के युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। ...
Patna Job Fair: पटना के युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 16 सितंबर को दीघा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में निर्माण क्षेत्र, रिटेल, सर्विसेज, ऑटोमोबाइल और आईटी समेत कई सेक्टरों की करीब 25 प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक हिस्सा लेंगे।
विभाग ने इस रोजगार मेले के जरिए दो हजार से अधिक युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया संबंधित कंपनियों और नियोजकों की जरूरत एवं निर्धारित पात्रता के आधार पर होगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेतु पोर्टल पर निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिन युवाओं ने पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे मेला स्थल पर बनाए गए हेल्प डेस्क या रजिस्ट्रेशन काउंटर के जरिए भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे। विभाग ने इच्छुक युवाओं से समय रहते रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति, अपडेटेड बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र शामिल हैं। दस्तावेजों की कमी होने पर चयन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।
विभाग के मुताबिक मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और नियोजकों की सत्यता, गुणवत्ता तथा पात्रता का विभागीय स्तर पर आकलन किया जा रहा है। इसके लिए वरिष्ठ सहायक निदेशक, सहायक निदेशक और नियोजन पदाधिकारियों की टीम गठित की गई है।ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे पटना और आसपास के युवाओं के लिए यह रोजगार मेला सीधे कंपनियों तक पहुंचने और अपनी योग्यता के मुताबिक रोजगार हासिल करने का अहम मौका साबित हो सकता है।