सप्त क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्री कार मैनेजर और स्टाफ के केबिन से 60 पीस विदेशी शराब बरामद, 4 गिरफ्तार

बेतिया रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्त क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में विशेष चेकिंग के दौरान रेल पुलिस ने पैंट्री कार के मैनेजर, पैंट्री मैन और दो सफाई कर्मियों के पास से कुल 60 पीस (42.165 लीटर) विदेशी शराब बरामद की है...

सप्त क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्री कार मैनेजर और स्टाफ के केब
सप्त क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्री कार मैनेजर और स्टाफ के केबिन से विदेशी शराब बरामद- फोटो : आशिष

 Bettiah : पश्चिम चंपारण के बेतिया से रेल यात्रियों और रेल सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली से चलकर मुजफ्फरपुर को जाने वाली गाड़ी संख्या 12558 सप्त क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में रेल पुलिस द्वारा चलाए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान शराब की एक बड़ी खेप बरामद की गई है। ट्रेन के भीतर पैंट्री कार के मैनेजर के केबिन और अन्य स्टाफ के पास से कुल 60 पीस विदेशी शराब जब्त की गई है। इस कार्रवाई के बाद रेल परिसर और ट्रेन के भीतर अवैध तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।


पैंट्री कार मैनेजर और पैंट्री मैन के पास से मिली भारी मात्रा में शराब

बरामदगी के विवरण के अनुसार, ट्रेन की पैंट्री कार के मुख्य मैनेजर संतोष शाह (उम्र 38 वर्ष, पिता- स्व. विंध्याचल साह, निवासी- शिवगंज, थाना- शिकारपुर, जिला- पश्चिमी चंपारण) के पास से 750 ML की कुल 31 पीस विदेशी शराब बरामद हुई। वहीं, पैंट्री मैन राज कुमार (उम्र 30 वर्ष, पिता- तामेश्वर सिंह, निवासी- सरैया गोपाल, थाना- पताही, जिला- पूर्वी चंपारण) के पास से भी 750 ML की 24 पीस विदेशी शराब जब्त की गई। दोनों ही रंगे हाथ वीआईपी ब्रांड की विदेशी शराब के साथ दबोचे गए।


सफाई कर्मियों के पास से भी बरामद हुई विदेशी शराब की बोतलें

जांच का दायरा बढ़ाने पर पैंट्री कार में मौजूद सफाई कर्मियों की भी संलिप्तता इस अवैध धंधे में उजागर हुई। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के चकरावे मनिआरी निवासी सफाई कर्मी गोविंद कुमार (उम्र 31 वर्ष, पिता- रामवृक्ष साह) के पास से 180 ML की दो पीस विदेशी शराब मिली। इसके साथ ही, सकरा थाना के ही रसलपुर मनिआरी निवासी एक अन्य सफाई कर्मी रिकी कुमार (उम्र 20 वर्ष, पिता- जीवस राम) के पास से 3 पीस विदेशी शराब बरामद की गई।


कुल 42 लीटर से अधिक शराब जब्त, आरपीएफ नरकटियागंज को सौंपे गए आरोपी

रेल पुलिस की इस संयुक्त छापेमारी में चारों आरोपियों के पास से कुल मिलाकर 60 पीस विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 42.165 लीटर मापी गई है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के कारण ट्रेन के भीतर इस तरह रसोई यान के कर्मचारियों द्वारा ही शराब ले जाया जाना बेहद गंभीर मामला है। जब्ती सूची और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, रेल पुलिस ने आगे की सख्त विधिक व कानूनी कार्रवाई के लिए चारों गिरफ्तार अभियुक्तों और शराब की खेप को नरकटियागंज आरपीएफ (RPA) को सुपुर्द कर दिया है।


जिले से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के पैंट्री कार पर रहेगी विशेष नजर

इस बड़ी खेप की बरामदगी और पैंट्री कार स्टाफ की सीधी संलिप्तता सामने आने के बाद रेल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। रेल पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब इस रूट और चंपारण जिले से होकर गुजरने वाली सभी लंबी दूरी की ट्रेनों के पैंट्री कार (रसोई यान) की औचक और विशेष चेकिंग की जाएगी। पैंट्री कार की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध शराब तस्करी को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है ताकि ट्रेनों के जरिए होने वाली इस अवैध सप्लाय चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।


आशिष कुमार की रिपोर्ट