खेत में मिली सिरकटी लाश से दहला गांव, इलाके में डर और दहशत, गोपालगंज में बड़ी वारदात
गोपालगंज पुलिस के द्वारा बताया गया है कि “हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। घटनास्थल से बरामद बाइक को जब्त कर लिया गया है।
Bihar News : गोपालगंज में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। विश्वम्भरपुर थाना क्षेत्र के अमवा विजयपुर बांध के किनारे चवर से 60 वर्षीय ट्रैक्टर चालक का सिरकटा शव बरामद किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
स्थानीय लोगों की नजर गन्ने के खेत के पास लावारिस हालत में खड़ी एक मोटरसाइकिल पर पड़ी। संदेह होने पर जब लोग खेत के अंदर पहुंचे तो वहां सिरकटा शव देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही विश्वम्भरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के सीरिसिया गांव निवासी मो. मुस्तफा के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
मृतक के परिजन के द्वारा बताया गया है कि बीते “9 जून को जमीन लिखाने की बात सामने आई थी… 10 जून की शाम फोन आने के बाद वह घर से निकले थे। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, हमें शक है कि जमीन विवाद को लेकर हत्या की गई है।” परिजनों का आरोप है कि जमीन के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और हर एंगल से जांच कर रही है।
वही पुलिस के द्वारा बताया गया है कि “हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। घटनास्थल से बरामद बाइक को जब्त कर लिया गया है। संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है।”फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। लेकिन इस वारदात ने इलाके में डर और कई सवाल छोड़ दिए हैं।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट