नशे का विरोध करने पर युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, हाथ में फंसी गोली

Bihar Crime : स्मैक पीने से टोकना युवक को भारी पड़ गया। विवाद बढ़ने पर बदमाशों 22 वर्षीय युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच जुटी है....

नशे का विरोध करने पर युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, हाथ में फं
युवक को दिनदहाड़े मारी गोली- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul :  जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत थरबिटिया पूरब पुनर्वास में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां कुछ युवकों को स्मैक पीने से मना करने पर बदमाशों ने एक 22 वर्षीय युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान शिवपुरी पंचायत (वार्ड संख्या-6) निवासी अधिवक्ता दिनेश यादव के पुत्र बलवंत कुमार यादव के रूप में की गई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।


परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्तीबेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खून से लथपथ बलवंत को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और फिर बेहतर इलाज व ऑपरेशन के लिए उसे तत्काल सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर स्मिता मदेशिया ने बताया कि युवक के दाहिने हाथ की बांह में गोली फंसी हुई है, जिसकी सटीक स्थिति एक्स-रे जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।


घर पर चढ़कर बदमाशों ने की फायरिंगपीड़ित ने आरोपियों की पहचान की

अस्पताल में इलाज के दौरान घायल बलवंत कुमार यादव ने बताया कि बुधवार की दोपहर वह अपने घर पर था, तभी अचानक चार से पांच की संख्या में युवक वहां आ धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली उसकी बांह में जा धंसी। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि उस पर जानलेवा हमला करने वाले और गोली चलाने वाले आरोपी झखराही और अंदौली गांव के रहने वाले हैं, जिनसे उसका विवाद हुआ था।


स्मैक पीने से टोकना पड़ा भारीविवाद बढ़ने पर बदमाशों ने की वारदात

स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की मुख्य वजह इलाके में बढ़ रहा नशा है। कुछ युवक थरबिटिया पूरब पुनर्वास इलाके में खुलेआम स्मैक (नशीला पदार्थ) पी रहे थे। बलवंत ने जब सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें वहां नशा करने से सख्त मना किया और टोका, तो वे आगबबूला हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने हथियार निकालकर सीधे युवक पर गोली चला दी।


मामले की तफ्तीश में जुटी किशनपुर पुलिसआरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

किशनपुर से पत्रकार विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट के अनुसार, दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना की पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर और फिर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और नामजद आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट