Bihar Crime: अपराधियों का खूनी तांडव, 24 घंटे में दो हत्याओं से दहला आरा, दशहरा मेला घूमने आए युवक को गोलियों से भूना, इलाके में दहशत
Bihar Crime: भोजपुर जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है।...
Bihar Crime: भोजपुर जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाश एक के बाद एक खूनी वारदातों को अंजाम देकर पुलिसिया इकबाल को खुली चुनौती दे रहे हैं। गुरुवार को रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई, तो शुक्रवार की रात पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव में अपराधियों ने एक 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। महज 24 घंटे के भीतर दो सनसनीखेज हत्याओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ताबड़तोड़ वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दशहरा मेला घूमने आया था युवक, रास्ते में घेरकर बरसाईं गोलियां
मृतक की पहचान अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव निवासी कुंदन सिंह के 18 वर्षीय पुत्र शांतनु कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शांतनु दशहरा का मेला घूमने अपनी मौसी के गांव पवना आया था। शुक्रवार की रात वह अपने मौसेरे भाई के साथ मूर्ति देखकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पवना चौक के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछे से उस पर फायरिंग शुरू कर दी।अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली लगने से शांतनु गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आरा के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड कस्टम अधिकारी का कत्ल
इससे एक दिन पहले गुरुवार को नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोलियों से छलनी कर दिया। इस हत्याकांड ने शहर में सनसनी फैला दी।मामले में मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने 14 कट्ठा जमीन के विवाद में हत्या करवाने का आरोप थानेदार राम कल्याण यादव पर लगाया था। आरोप सामने आने के बाद थानेदार को निलंबित कर दिया गया। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
CCTV फुटेज और मोबाइल डाटा खंगाल रही पुलिस
रिटायर्ड अधिकारी हत्याकांड में पुलिस ने शूटरों की तलाश तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही वारदात के वक्त इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डाटा भी तैयार किया जा रहा है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों का सुराग मिल सके।सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को शूटरों की पहचान से जुड़े अहम सुराग मिले हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दूसरे दिन भी पुलिस ने बड़की सिंगही के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसका नाम मृतक की पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन में भी होने की बात सामने आई है। एक महिला और एक अन्य अभियुक्त के परिजन को हिरासत में लिए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, इन कार्रवाइयों और संदिग्धों की भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।लगातार दो हत्याओं ने भोजपुर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी कर इन खूनी वारदातों की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है।