Bihar Crime:आरा सदर अंचल कार्यालय में गुंडागर्दी, राजस्व अधिकारी के साथ मारपीट, हथियार के बल पर दी जान से मारने की धमकी
आरा सदर अंचल कार्यालय में गुंडागर्दी, राजस्व अधिकारी के साथ मारपीट, हथियार के बल पर दी जान से मारने की धमकी
Bihar crime:भोजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अंचल कार्यालय आरा सदर में घुसकर अपराधियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक (CI) के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी है। इस दुस्साहस के बाद पीड़ित अधिकारी ने स्थानीय नवादा थाने में तीन नामजद और पांच अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई
पीड़ित प्रभारी अंचल निरीक्षक विष्णु देव सिंह (निवासी बहुआरा) ने बताया कि वह दिनभर मौलाबाग में अतिक्रमण हटाने के कार्य में व्यस्त थे। शाम को जब वह कार्यालय लौटे और ऑपरेटर अमित के साथ ऑनलाइन पोर्टल का काम देख रहे थे, तभी करीब 6:30 बजे आरोपी अर्पित कुमार का उनके मोबाइल पर फोन आया। काम को लेकर बात होने के थोड़ी देर बाद, यानी करीब 7:00 बजे कई बदमाश मुंह पर गमछा बांधकर दफ्तर में घुस आए।
हथियार के बल पर काम कराने का प्रयास
दिए गए आवेदन के अनुसार, कार्यालय में घुसे सभी बदमाशों की कमर में हथियार (पिस्तौल) खुसे हुए थे। उन्होंने आते ही अधिकारी के साथ गाली-गलौज और खींचातानी शुरू कर दी।
वे सभी भू-माफिया थे, जो हथियार के बल पर अपना अवैध काम करवाना चाहते थे। वे मुझे खींचकर बाहर ले जाने और जान से मारने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर किसी तरह मेरी जान बचाई।
इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित अधिकारी और उनका परिवार, जो ब्लॉक रोड में रहता है, गहरे डर में है। पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर अर्पित सिंह, सुबोध कुमार, मोहम्मद अजहर और पांच अन्य अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
रिपोर्ट..आशीष कुमार