Bihar Police:शाहपुर थानेदार सस्पेंड, पुलिस पर पिस्तौल तनी, फिर एनकाउंटर... महकमे में मचा हड़कंप

Bihar Police: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव में पुलिस की कार्रवाई के दौरान हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मलाकार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

Ara Shahpur SHO Suspended After Viral Gun Threat to Police
शाहपुर थानेदार सस्पेंड- फोटो : social Media

Bihar Police: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौंटी गांव में पुलिस की कार्रवाई के दौरान हुए हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पूरे पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस टीम के सामने एक युवक द्वारा खुलेआम पिस्तौल तानने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. सत्यप्रकाश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार मलाकार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

मामले की जांच में ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही, सुस्ती और कर्तव्यहीनता सामने आने की बात कही गई है। भोजपुर एसपी राज की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई। साथ ही मौके पर तैनात एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को भी निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।

दरअसल, बिलौंटी गांव में भरत भूषण तिवारी के अवैध हथियार लहराने की सूचना पर पुलिस टीम दबिश देने पहुंची थी। लेकिन जिस शख्स को कानून का शिकंजा पहनाना था, उसने उल्टे पुलिस टीम को ही निशाने पर ले लिया। वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों के सामने पिस्तौल लहराते और उन्हें धमकाते दिखाई दिया। इस दौरान पुलिस की कार्यशैली और मौके पर मौजूद जवानों की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठे।

वीडियो सामने आने के बाद मामला सीधे पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया। जांच में यह देखा गया कि हालात बेकाबू होने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित सतर्कता और त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। इसी आधार पर विभागीय कार्रवाई की तलवार चली।इस पूरे घटनाक्रम का अंत बाद में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में हुआ, जहां भरत भूषण तिवारी को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। लेकिन अब चर्चा सिर्फ एनकाउंटर की नहीं, बल्कि उस वायरल वीडियो की है जिसने पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस महकमे में यह मामला फिलहाल चर्चा का सबसे गर्म मुद्दा बना हुआ है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार