Bihar Crime:घर के बाहर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, शराब के नशे में धुत बदमाशों ने मारी गोली

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर खुलकर सामने आया है।...

Ara young man sitting outside his house
:घर के बाहर बैठे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार  में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर खुलकर सामने आया है। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के केशवपुर पुल के समीप हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। जख्मी युवक को आनन-फानन में बाबू बाजार स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घायल युवक की पहचान सुजीत कुमार चौधरी, पिता महेंद्र चौधरी, निवासी केशवपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वारदात उस वक्त हुई जब सुजीत आरा शहर से लौटकर अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी गांव के रहने वाले मंटू सिंह के बेटे अपने साथियों के साथ शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचे और जबरन घर में दाखिल होने लगे। विरोध करने पर माहौल गरमा गया और देखते ही देखते गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

घायल के भाई अजय कुमार चौधरी का आरोप है कि बदमाश हथियार लहराते हुए दबंगई दिखा रहे थे। इसी बीच किसी ने स्थानीय बड़हरा थाना पुलिस को सूचना दे दी। दावा किया जा रहा है कि हथियार छीनकर पुलिस को सौंपा गया, लेकिन इसी अफरा-तफरी में सुजीत को गोली मार दी गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक को गोली लगी है या किसी और तरीके से वह जख्मी हुआ, मगर परिजनों ने सीधे तौर पर फायरिंग का इल्ज़ाम लगाया है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सुजीत का इलाज जारी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। अब देखना यह है कि इस खूनी वारदात के पीछे की असल कहानी क्या निकलकर सामने आती है और कब तक आरोपियों पर शिकंजा कसता है।

रिपोर्टर आशीष कुमार