आरा में दिनदहाड़े हुआ मर्डर, हार्डवेयर दुकानदार की सिर में गोली मारकर हत्या

मृतक उपेन्द्र कुमार सिंह बैजू चौक के पास हार्डवेयर की दुकान चलाते थे, जिसे बैजू हार्डवेयर के नाम से जाना जाता है। बताया जा रहा है कि घटना के दिन वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद दुकान खोलने के लिए निकले थे।

Arrah Murder News
Arrah Murder News - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के आरा शहर में अपराधियों ने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है। नवादा थाना क्षेत्र के बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के समीप अपाचे बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक हार्डवेयर दुकानदार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उपेन्द्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव के रहने वाले स्वर्गीय बैजनाथ यादव के पुत्र थे। वर्तमान में वह नवादा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 44 के गोढ़ना रोड में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहते थे।


बच्चे को स्कूल छोड़कर दुकान खोलने गए थे मृतक

मिली जानकारी के अनुसार, उपेन्द्र कुमार सिंह बैजू चौक के पास हार्डवेयर की दुकान चलाते थे, जिसे बैजू हार्डवेयर के नाम से जाना जाता है। बताया जा रहा है कि घटना के दिन वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद दुकान खोलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के समीप अपाचे बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


परिवार में सबसे बड़े थे उपेन्द्र कुमार सिंह

उपेन्द्र कुमार सिंह अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई सतेन्द्र कुमार सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले ही बीमारी के कारण उनके पिता स्वर्गीय बैजनाथ यादव का निधन हो गया था। अब उपेन्द्र की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हत्या की वारदात से इलाके में दहशत

शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। परिवार के सदस्यों और परिचितों के बीच मातम पसरा हुआ है।


फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बदमाशों ने वारदात को क्यों अंजाम दिया और हत्या के पीछे क्या कारण है, यह जांच का विषय है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।

आशीष की रिपोर्ट