Bihar Crime: पूर्व मुखिया की पीट-पीटकर हत्या, छेड़खानी या पुरानी रंजिश? पुलिस जांच में जुटी
Bihar Crime:एक पूर्व मुखिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।...

Bihar Crime:औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के खराटी गांव में एक पूर्व मुखिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। जब ग्रामीणों द्वारा ओबरा थाना को सूचना दी गई कि बभांडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया अजीत कुमार सिन्हा को उनके ही गांव के लोगों द्वारा बेरहमी से पीटा गया है और घर में बंद कर दिया गया है।
कौन थे मृतक?
मृतक की पहचान अजीत कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो 2016 से 2021 तक बभांडीहा पंचायत के मुखिया रहे थे। 2021 के पंचायती चुनाव में हार के बाद, वह अपने ही गांव के बढ़ही टोला में किराने की दुकान और आटा चक्की चलाकर अपना गुजर-बसर कर रहे थे।
क्या है पुलिस का दावा?
सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूर्व मुखिया को खराटी निवासी मदन शर्मा के घर से गंभीर अवस्था में बरामद किया। उन्हें तुरंत ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ओबरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है।
दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषि राज ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बभांडीहा पंचायत के पूर्व मुखिया अजीत कुमार सिन्हा को उनके ही गांव के कुछ ग्रामीणों द्वारा पीट-पीट कर हत्या कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों से शुरुआती पूछताछ के दौरान यह पता चला कि पूर्व मुखिया गलत नीयत से मदन शर्मा के घर में घुसकर एक किशोरी के साथ छेड़खानी करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और जमकर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
परिजनों के आरोप अलग:
हालांकि, मृतक के परिजनों का आरोप पुलिस के दावे से बिल्कुल उलट है। परिजनों का कहना है कि मृतक अजीत कुमार सिन्हा अपने बेटे के साथ नए मकान में सोए हुए थे। भोर में उनके बेटे को पेट में दर्द होना शुरू हो गया, जिसके लिए वह दवा लेने पुराने घर पर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते से मदन शर्मा, ददन शर्मा और उनके कई परिजनों ने पूर्व मुखिया को जबरन अपने घर में घसीटते हुए ले गए, और हाथ-पैर बांधकर टांगी से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से उचित न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस जांच जारी:
ओबरा थाना पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है और घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह देखना बाकी है कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया 'छेड़खानी' का एंगल सही साबित होता है, या परिजनों द्वारा लगाए गए 'पुरानी रंजिश' और 'जबरन अपहरण' के आरोप सच निकलते हैं।
रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर