Bihar Crime: 25 लाख के जेवरात की ठगी, चोरी का डर दिखाकर व्यवसायी को बनाया निशाना

Bihar Crime: बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए एक व्यवसायी से करीब 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात उड़ा लिए।

Bihar Crime: 25 लाख के जेवरात की ठगी, चोरी का डर दिखाकर व्यव
25 लाख के जेवरात की ठगी,- फोटो : DINANATH

Aurangabad: शहर के महराजगंज रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ठगी की वारदात को अंजाम देते हुए एक व्यवसायी से करीब 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात उड़ा लिए। बदमाशों ने पहले चोरी का डर दिखाकर व्यवसायी को अपनी बातों में उलझाया और फिर चालाकी से उनके गहने लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

महराजगंज निवासी व्यवसायी रघुनंदन साव ने पुलिस को बताया कि वह अपने कुछ आभूषण पहने महराजगंज रोड स्थित अपनी मशीनरी पार्ट्स की दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। बदमाशों ने इलाके में चोरी की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी। बातचीत के दौरान उन्होंने व्यवसायी को भरोसे में लिया और जेवरात को सुरक्षित रखने के नाम पर एक पैकेट में रखने के लिए कहा।

बदमाशों की बातों में आकर रघुनंदन साव जेवरात पैकेट में रखने लगे। इसी दौरान दोनों आरोपितों ने चालाकी से गहने अपने कब्जे में ले लिए और बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, ठग करीब 110 ग्राम सोने की चेन और पांच अंगूठियां लेकर भागे हैं। इन आभूषणों की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद दुकानों और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों बदमाश किस रास्ते से पहुंचे थे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल दोनों आरोपितों का पता लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके में हुई इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी है।

रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर