Bihar Teacher Scandal: महिला टीचर के साथ शिक्षक को गंदा काम करते देख लेने पर 8 साल के छात्र को उतारा मौत के घाट, राज छिपाने के लिए मासूम की बेरहमी से हत्या, हॉस्टल संचालक का सनसनीखेज कबूलनामा
Bihar Teacher Scandal: हॉस्टल संचालक ने पूछताछ में कबूल किया है कि मासूम छात्र ने उसे एक महिला शिक्षिका के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।...
Bihar Teacher Scandal: हॉस्टल संचालक ने पूछताछ में कबूल किया है कि मासूम छात्र ने उसे एक महिला शिक्षिका के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद राज खुलने के डर और गुस्से में उसने लोहे की छड़ से छात्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई।बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित माउंट केरल स्कूल एवं हॉस्टल में आठ वर्षीय छात्र आनंद की हत्या मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजीव कुमार रंजन सितंबर 2023 से कटोरिया में माउंट केरल स्कूल और हॉस्टल का संचालन कर रहा था। घटना के समय स्कूल में 300 से अधिक छात्र पढ़ रहे थे, जबकि करीब 80 बच्चे हॉस्टल में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2024 की शुरुआत में एक महिला शिक्षिका स्कूल में नियुक्त हुई थीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों अक्सर साथ समय बिताने लगे।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून 2026 की शाम स्कूल की प्रिंसिपल और आरोपी की पत्नी कुछ बच्चों को वाटर पार्क लेकर गई थीं। इसी दौरान हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर के एक बंद कमरे में आरोपी और महिला शिक्षिका मौजूद थे। तभी आठ वर्षीय आनंद की नजर खिड़की से कमरे के अंदर चली गई। इतना ही नहीं, वह अपने कुछ दोस्तों को भी धीरे-धीरे बुलाकर खिड़की के पास ले आया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बच्चों की आवाज सुनकर उसने पीछे देखा तो आनंद को खिड़की पर खड़ा पाया। इसके बाद महिला शिक्षिका वहां से चली गई, जबकि उसने आनंद को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे डर था कि अगर यह बात बाहर गई तो स्कूल की बदनामी होगी और पूरा संस्थान संकट में पड़ जाएगा। इसी डर और गुस्से में उसने पास में पड़ी लोहे की छड़ उठाकर आनंद की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कबूल किया कि उसने छात्र के सिर पर कई बार वार किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के सिर पर कई गंभीर गहरे जख्म मिलने की पुष्टि हुई है।
वारदात के बाद आरोपी घायल छात्र को अस्पताल लेकर गया और परिजनों को यह कहानी सुनाई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे पर हमला किया है। लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ दीं। पूछताछ में आरोपी आखिरकार टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।गंभीर रूप से घायल आनंद को पहले कटोरिया अस्पताल, फिर भागलपुर के मायागंज अस्पताल और बाद में पटना रेफर किया गया, जहां 29 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस निर्मम वारदात ने शिक्षा संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।