Bihar Crime: बेखौफ अपराधियों का खूनी तांडव, घर में घुसकर डिजिटल स्टूडियो संचालक को मारी गोली, 8 महीने बाद फिर उसी परिवार पर हमला

Bihar Crime: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब लोग अपने घरों में भी महफूज नहीं हैं। ...

Banka Crime Studio Owner Shot
बेखौफ अपराधियों का खूनी तांडव- फोटो : reporter

Banka:  जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब लोग अपने घरों में भी महफूज नहीं हैं। अमरपुर थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ पर रविवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां हथियार से लैस एक अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर डिजिटल स्टूडियो संचालक अशोक कुमार सिंह को गोली मार दी। गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि करीब आठ महीने पहले इसी परिवार के बेटे को भी गोली मारकर जख्मी किया गया था। एक ही परिवार पर दोबारा जानलेवा हमला होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सो रहे थे अशोक सिंह, तभी कमरे में घुसा हमलावर

मिली जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति स्टूडियो के संचालक अशोक कुमार सिंह रविवार की रात अपने घर के आगे वाले कमरे में खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान पैदल पहुंचे एक अज्ञात युवक ने कमरे में प्रवेश किया और अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अशोक सिंह दर्द से कराहने लगे और शोर मचाने लगे।गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। परिजनों ने आनन-फानन में घायल अशोक सिंह को भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दो थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा, आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर और सजौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है।अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

आठ महीने पहले बेटे उत्तम को भी मारी गई थी गोली

इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दरअसल, बीते 23 मार्च को अशोक कुमार सिंह के बेटे उत्तम कुमार को भी गोली मारकर घायल कर दिया गया था। अब आठ महीने के भीतर उसी परिवार के एक और सदस्य पर जानलेवा हमला होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछली गोलीबारी की घटना में भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में एक ही परिवार को दोबारा निशाना बनाए जाने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।

आखिर एक ही परिवार से किसकी दुश्मनी?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अशोक कुमार सिंह और उनके परिवार को बार-बार निशाना क्यों बनाया जा रहा है? क्या दोनों गोलीबारी की घटनाओं के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है।पुलिस के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक तरफ ताजा हमले के आरोपी को गिरफ्तार करना है, तो दूसरी तरफ 23 मार्च की पुरानी वारदात की कड़ियों को भी खंगालना है। इलाके के लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं।

 रिपोर्ट- चंद्रशेखर कुमार भगत