Bihar Crime: बिहार में ताबड़तोड़ गोलीबारी, बाइक सवार बदमाश कई राउंड फायरिंग कर हुए फरार, इलाके में दहशत

Bihar Crime:बाइक सवार तीन बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी।....

Bettiah After Miscreants Open Fire in Village Panic
अपराधियों का दुस्साहस- फोटो : reporter

Bihar Crime:बाइक सवार तीन बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में शनिवार की सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरवलिया गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे गांव में अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। उस समय पीड़ित लव कुमार मिश्रा अपने घर में सो रहे थे। गोलीबारी की आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले तो ग्रामीणों ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन युवक लगातार फायरिंग करते हुए गांव से फरार हो गए।

घटना के बाद गांव के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर बदमाशों ने फायरिंग क्यों की और उनका निशाना कौन था।पीड़ित लव कुमार मिश्रा ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही वे हमलावरों को पहचानते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि बदमाश कहां से आए थे और घटना के पीछे क्या कारण हो सकता है।

सूचना मिलने के बाद मनुआपुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे और पिलेट बरामद किए हैं।

मामले को लेकर यातायात डीएसपी अतनु दत्ता ने बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार