Bihar Crime: बिहार पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़ , मादक पदार्थ की बड़ी खेप बरामद, दो तस्कर दबोचे गए

Bihar Crime: पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।....

Bettiah Two Held With Over 116 Kg Ganja Raids
मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: पश्चिम चंपारण में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बलथर और भंगहा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुट गई है। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और तस्करी के तौर-तरीकों ने पुलिस अधिकारियों को भी सतर्क कर दिया है।

नरकटियागंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक वैगनआर कार के जरिए भारी मात्रा में गांजे की खेप बलथर के रास्ते ले जाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही बलथर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बलथर चौक के समीप नाकेबंदी शुरू कर दी।कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से गांजे के आठ बड़े बंडल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 111.440 किलोग्राम बताया गया है। मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के घोघा वार्ड संख्या-6 निवासी मनमोहन कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने पुलिस को बताया कि मैनाटांड़ के रमपुरवा गांव के समीप नहर किनारे गांजे की खेप वाहन में लोड की गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा नेपाल के परसा जिले के पीपरडारी गांव निवासी एक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसे भाड़े पर लादकर लाया जा रहा था। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।उधर दूसरी कार्रवाई में भंगहा थाना पुलिस ने सिसवा स्थित राधे कृष्ण मंदिर के समीप छापेमारी कर 5.530 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में मोतीलाल मांझी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध धंधे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे की खेप को कहां पहुंचाया जाना था।

इस कार्रवाई में बलथर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता, भंगहा थानाध्यक्ष रौशन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।नेपाल सीमा से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। ऐसे में इस बड़ी बरामदगी को नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियों की नजर इस पूरे गिरोह और इसके सरगनाओं तक पहुंचने पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार