Bihar Crime: शादी की महफिल में चली गोली, डांस फ्लोर पर मचा कोहराम, हर्ष फायरिंग ने युवक को लगी गोली

Bihar Crime:एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक युवक को जिंदगी और मौत के बीच लाकर खड़ा कर दिया।......

Bhojpur Celebratory Gunfire at Wedding Leaves Teen Criticall
शादी की महफिल में चली गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime:एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक युवक को जिंदगी और मौत के बीच लाकर खड़ा कर दिया। बैंड-बाजा, नाच-गाने और जश्न के शोर के बीच अचानक चली गोली ने पूरे समारोह को दहशत में बदल दिया। देखते ही देखते डांस फ्लोर पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव की है, जहां शुक्रवार की रात भोजपुर जिले में एक बारात में रंगारंग कार्यक्रम चल रहा था। बाराती नाच-गाने का आनंद ले रहे थे और माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा हुआ था। इसी बीच किसी सिरफिरे ने अपनी दबंगई दिखाने या जश्न मनाने के नाम पर हथियार निकाल लिया। कुछ ही सेकंड बाद गोलियों की आवाज गूंज उठी और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

इस फायरिंग में भलुही गांव निवासी 19 वर्षीय चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। चंदन, कृष्णा सिंह का बेटा है और रिश्तेदारों के अनुसार वह पवना गांव से बारात में शामिल होने डिहरी पहुंचा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि एक शादी समारोह उसके लिए खौफनाक हादसे में बदल जाएगा।

घायल युवक के रिश्ते में लगने वाले भांजे ने बताया कि बारात में शामिल लोग भोजन करने के बाद डांस कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक किसी अज्ञात युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे चंदन कुमार के दाहिने पंजर में जा लगी। गोली लगते ही वह दर्द से तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर हड़कंप मच गया। वारदात के बाद कुछ देर के लिए पूरा समारोह युद्धक्षेत्र जैसा नजर आने लगा। लोग यह समझ ही नहीं पाए कि आखिर गोली किसने चलाई और क्यों चलाई। खून से लथपथ चंदन को देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ लोगों ने तत्काल उसके घाव से बह रहे खून को रोकने की कोशिश की, जबकि अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

घायल युवक को पहले बाइक से अगिआंव पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान पाया कि गोली शरीर के अंदर फंसी हुई है और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया गया।डॉक्टरों का कहना है कि गोली लगने से शरीर के अंदरूनी अंगों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

उधर, पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर गोली चलाने वाला कौन था। परिजनों का कहना है कि फायरिंग करने वाले युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वहीं नारायणपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। एक बार फिर हर्ष फायरिंग की यह घटना बताती है कि जश्न में की गई लापरवाही कैसे किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। पुलिस अब उस शख्स की तलाश में जुटी है जिसकी एक गोली ने शादी की महफिल को मातम में बदल दिया।

रिपोर्ट- आशीष कुमार