Bihar Encounter: अभी अभी घेराबंदी के बीच भोजपुर पुलिस और पिस्टल लहराने वाले युवक में भिड़ंत ..एक दिन में दूसरा इनकाउंटर .... मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

Bihar Encounter: बिहार में 24 घंटे में चार एनकाउंटर पुलिस ने किया है। गया, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर के बाद पुलिस ने भोजपुर में अपराधी का एनकाउंटर किया है।...

Bhojpur Encounter Armed Youth Shot in Leg After Police Chase
अभी अभी घेराबंदी के बीच भोजपुर पुलिस और पिस्टल लहराने वाले युवक में भिड़ंत- फोटो : reporter

Bihar Encounter: बिहार में 24 घंटे में चार एनकाउंटर पुलिस ने किया है। गया, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर के बाद पुलिस ने भोजपुर में अपराधी का एनकाउंटर किया है। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र का बिलौटी गांव बुधवार की सुबह उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब पुलिस और एक हथियारबंद आरोपित के बीच आमना-सामना मुठभेड़ में बदल गया। एक दिन पहले पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानने के वायरल वीडियो से सुर्खियों में आए भरत तिवारी का आखिरकार पुलिस से सीधा सामना हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर और जांघ में लगी, जिसके बाद उसका फरार होने का सिलसिला थम गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बताया जाता है कि भरत तिवारी, जो सेवानिवृत्त चालक सिपाही काशीनाथ तिवारी का पुत्र है, पिछले 24 घंटे से पुलिस की निगाह में था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्ष की ओर पिस्टल तानकर बैठा दिखाई दिया था। इस वीडियो ने न केवल पुलिस महकमे में हलचल मचा दी थी, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए थे। बुधवार सुबह पुलिस टीम जब उसकी गिरफ्तारी के लिए बिलौटी गांव पहुंची, तो मामला और संगीन हो गया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख भरत तिवारी ने फायरिंग शुरू कर दी और गांव के दक्षिणी इलाके की ओर भागने लगा। हैरत की बात यह रही कि भागते वक्त भी वह फेसबुक पर लाइव वीडियो बनाता रहा, मानो पूरी वारदात को सोशल मीडिया का तमाशा बनाना चाहता हो।

पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेर रखा था। करीब एक किलोमीटर तक चली पीछा-पकड़ के बाद जवाबी कार्रवाई में चली गोली भरत के पैर और जांघ में जा लगी। गोली लगते ही उसका भागना रुक गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे लेकर वह लगातार दहशत फैलाता नजर आ रहा था। घायल अवस्था में उसे पहले शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और बरामद हथियार की जांच भी शुरू कर दी गई है।

इस पूरे मामले का सबसे सनसनीखेज पहलू वह वायरल वीडियो था, जिसमें भरत तिवारी पुलिसकर्मियों पर पिस्टल ताने दिखाई दे रहा था। वीडियो में उसकी मां भी मौजूद थी, जो हालात को काबू में करने और बेटे को समझाने की कोशिश कर रही थी। बावजूद इसके युवक का आक्रामक रवैया जारी रहा।पुलिस का कहना है कि भरत तिवारी को पिछले दो-तीन वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता रहा है, लेकिन कानून हाथ में लेने और हथियार के बल पर दहशत फैलाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया और उसके इरादे क्या थे।

बहरहाल, भोजपुर की यह मुठभेड़ केवल एक गिरफ्तारी की कहानी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर दिखावे, हथियारों की नुमाइश और कानून को चुनौती देने की उस खतरनाक मानसिकता की तस्वीर भी है, जिसका अंत अक्सर गोलियों और हथकड़ियों पर जाकर होता है।

रिपोर्टर- आशीष कुमार