Bihar TET Paper Leak Connection: महाराष्ट्र TET पेपर लीक में बिहार कनेक्शन! डेढ़ करोड़ में प्रश्नपत्र का सौदा, मास्टरमाइंड की तलाश में बिहार समेत कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी
Bihar TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में अब बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियां पूरी तरह हरकत में आ गई हैं।
Bihar TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में अब बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद जांच एजेंसियां पूरी तरह हरकत में आ गई हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच कर रही महाराष्ट्र पुलिस की भिवंडी थाना टीम अंतरराज्यीय सॉल्वर गैंग और पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए बिहार, हरियाणा, दिल्ली और आगरा समेत कई जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
भिवंडी पुलिस के डिप्टी कमिश्नर पवन बंसोड़ ने 27 जून को प्रेसवार्ता में खुलासा किया था कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टीईटी-2026 परीक्षा का प्रश्नपत्र करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बेचे जाने की डील होने वाली है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जाल बिछाया और पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजीव साव, आकाश कुमार और धीरज सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, भारी मात्रा में नकदी और TET-2026 के प्रश्नपत्र के चार सेट बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में पटना निवासी राजीव शाह और आकाश कुमार उर्फ सूरज सिंह, जबकि तीसरा आरोपी हरियाणा के पानीपत निवासी धीरज सिंह बताया गया है।
पुलिस पूछताछ में इस गिरोह के कथित मास्टरमाइंड विजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसी के इशारे पर पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी सिलसिले में महाराष्ट्र पुलिस की टीम बिहार के समस्तीपुर पहुंची है, जहां विजेंद्र गुप्ता की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।ठाणे पुलिस ने TET पेपर लीक मामले में पटना से बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को दबोचा है। बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी को पटना से महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसियां अब इस बात का भी पता लगा रही हैं कि इस पेपर लीक सिंडिकेट का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है, इसमें कितने लोग शामिल हैं और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र किस तरह अभ्यर्थियों तक पहुंचाए जाने वाले थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है और जल्द ही इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज