Bihar Crime: गोलियों की गूंज से दहला बिहार, मुजफ्फरपुर-बेगूसराय में कातिलों का कहर, पुलिस को अपराधियों की खुली चुनौती

Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने एक ही दिन में दो जिलों में खौफ का ऐसा मंजर खड़ा कर दिया, जिसने आम लोगों के दिलो-दिमाग में दहशत भर दी है।

Bihar Shaken by Gunfire Muzaffarpur Begusarai Under Criminal
गोलियों की गूंज से दहला बिहार- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने एक ही दिन में दो जिलों में खौफ का ऐसा मंजर खड़ा कर दिया, जिसने आम आवाम के दिलो-दिमाग में दहशत भर दी है। मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पुलिसिया चौकसी की पोल खोल दी। रालोजपा नेता और प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े प्रभाकर सिंह को शातिर हमलावरों ने सरेआम गोलियों से छलनी कर दिया।

वारदात उस वक्त अंजाम दी गई, जब प्रभाकर सिंह अपनी बुलेट पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बड़ा जगन्नाथ मंदिर के पास अपनी गली के मोड़ पर पहुंचे, पहले से घात लगाए पल्सर सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा और मौके पर ही प्रभाकर सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई, लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़े, मगर शूटर दरभंगा रोड की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि जमीन के सौदे को लेकर पुराना विवाद इस खून-खराबे की जड़ हो सकता है।

उधर बेगूसराय में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। 21 वर्षीय मोनू की बेरहमी से हत्या कर उसकी पहचान मिटाने की साजिश रची गई। कातिलों ने पहले गमछे से गला घोंटा, फिर हाथ-पैर बांधकर चेहरे को ईंट-पत्थरों से कुचल दिया। दरिंदगी की इंतहा तब हुई जब लाश पर तेजाब डालकर उसे पहचान से परे करने की कोशिश की गई। मौके से शराब की बोतल, गिलास और चप्पल बरामद हुए हैं, जो इस वारदात की साजिशी कहानी बयां कर रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि मोनू को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और गांव के ही कुछ बदमाशों ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया है। पुलिस तमाम एंगल से तहकीकात में जुटी है, लेकिन इन दो वारदातों ने साफ कर दिया है कि सूबे में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और कानून का खौफ फीका पड़ता जा रहा है।